Lionel Messi Meets Shahrukh Khan: फुटबॉल की दुनिया के महान खिलाड़ी और अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी 14 साल बाद भारत आए हैं. अपने तीन दिवसीय दौरे के पहले चरण में 13 दिसंबर की सुबह लगभग 3:23 बजे मेसी कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे. एयरपोर्ट पर मौजूद हजारों फैंस ने उन्हें “मेसी, मेसी” के नारे लगाकर गर्मजोशी से स्वागत किया.
मेसी के साथ उनके इंटर मियामी टीम के साथी लुइस सुआरेज और फीफा विश्व कप विजेता रोड्रिगो डी पॉल भी भारत दौरे में शामिल हैं. एयरपोर्ट से लेकर स्टेडियम तक हर जगह फैंस मेसी की एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आए.
सॉल्ट लेक स्टेडियम में शाहरुख खान से मुलाकात
कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में मेसी ने वर्चुअली अपने 70 फुट ऊंचे स्टैच्यू का उद्घाटन किया. इस मौके पर बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान, पश्चिम बंगाल के मंत्री सुजीत बोस और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे. मेसी और शाहरुख खान की मुलाकात ने स्टेडियम में मौजूद फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया.
फ्रेंडली मैच में होंगे शामिल
स्टैच्यू उद्घाटन के बाद मेसी युवा भारती स्टेडियम में एक फ्रेंडली मैच में भाग लेंगे. इसके साथ ही वे बंगाल की संतोष ट्रॉफी टीम को भी सम्मानित करेंगे. इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस से भी उनकी मुलाकात होगी.
ये भी पढ़ें- सुपरस्टार रजनीकांत: 75 वर्षों की यात्रा, एक अनोखी विरासत
हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली पहुंचेंगे
दोपहर 2 बजे के बाद मेसी कोलकाता से हैदराबाद के लिए रवाना होंगे. वहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक प्रदर्शनी मैच खेलेंगे, जिसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उपस्थित रहेंगे. शाम को उनके सम्मान में एक भव्य संगीत समारोह का आयोजन भी किया जाएगा. इसके बाद मेसी मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे.
2011 में Messi का भारत दौरा
बता दें कि लियोनल मेसी आखिरी बार 2011 में भारत आए थे, जब उन्होंने कोलकाता में अर्जेंटीना की कप्तानी में वेनेजुएला के खिलाफ फ्रेंडली मैच खेला था. इस बार उनका दौरा न केवल फुटबॉल प्रेमियों के लिए उत्सव का मौका है, बल्कि युवा खिलाड़ियों और फैंस के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

