Bharat Express DD Free Dish

धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस पर धमाका: 10 दिनों में पार किया 1200 करोड़ का आंकड़ा, तोड़ा ‘जवान’ और ‘पठान’ का रिकॉर्ड

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ की बादशाहत बरकरार है. 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज 10 दिनों में घरेलू बाजार में 778 करोड़ और दुनियाभर में 1226 करोड़ से अधिक की कमाई कर शाहरुख खान की सबसे बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.

Dhurandhar 2, Ranveer Singh, Box Office Collection

Dhurandhar 2 Box Office Collection: रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर वो कर दिखाया है जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की होगी. फिल्म ‘धुरंधर 2’ इस वक्त सिनेमाघरों में नहीं, बल्कि दर्शकों के दिलों और बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड्स पर राज कर रही है. 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज 10 दिनों के भीतर कमाई के ऐसे कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं, जिन्हें छू पाना आने वाली बड़ी फिल्मों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होगा.

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ सुनामी

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन से ही अपनी धाक जमानी शुरू कर दी थी. दिलचस्प बात यह है कि इसका पहला पार्ट अभी पिछले साल 5 दिसंबर को ही आया था, लेकिन मात्र तीन महीने के अंतराल पर आए इसके सीक्वल ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड्स को धुआं-धुआं कर दिया है. फिल्म की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नौवें दिन ही इसने 700 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया था.

पठान और जवान भी रह गए पीछे

सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ ने अपने दूसरे शनिवार यानी 10वें दिन 62.85 करोड़ रुपये का ताबड़तोड़ कलेक्शन किया है. इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल कमाई 778.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फिल्म का डंका बज रहा है. वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में फिल्म 1226.44 करोड़ रुपये बटोर चुकी है. इस आंकड़े के साथ ही रणवीर सिंह की फिल्म ने शाहरुख खान की ‘पठान’ (1048 करोड़) और ‘जवान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पछाड़कर इतिहास रच दिया है.

ये भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस के ‘धुरंधर’ रणवीर सिंह की नई सवारी, यामी गौतम ने गिफ्ट की 5 करोड़ी कार, एयरपोर्ट पर दिखा जलवा

आखिर क्यों पागल हैं फैंस?

फिल्म की सफलता के पीछे इसकी कसी हुई कहानी और रणवीर सिंह का अब तक का सबसे दमदार अवतार है. जहां पहले भाग में खूंखार डकैत रहमान के अंत और रणवीर की उसके गैंग में एंट्री की कहानी थी, वहीं ‘धुरंधर 2’ में सस्पेंस और एक्शन को अगले लेवल पर ले जाया गया है.

इस बार कहानी हमजा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान के अंडरवर्ल्ड पर कब्जा करने की कोशिश करता है. फिल्म में नोटबंदी, गहरी राजनीतिक साजिशें और निजी बदले का जो मेल दिखाया गया है, उसने दर्शकों को कुर्सियों से बांधे रखा है.

जिस तरह से फिल्म की कमाई का ग्राफ बढ़ रहा है, ट्रेड एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि यह वीकेंड खत्म होते-होते ‘धुरंधर 2’ कई और बड़े वैश्विक रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लेगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read