Bharat Express DD Free Dish

‘The Kerala Story 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, विवादों के बाद दूसरे दिन कमाई में 4 गुना उछाल; जानें अब तक का कलेक्शन

कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ ने सुस्त शुरुआत के बाद शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर वापसी की है. पहले दिन महज 75 लाख बटोरने वाली इस फिल्म ने दूसरे दिन 4.65 करोड़ का बिजनेस कर सबको चौंका दिया है.

The Kerala Story 2, Box Office Collection

The Kerala Story 2 Box Office: विवादों के साये में घिरी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ आखिरकार सिनेमाघरों तक पहुंच गई है. फिल्म के सफर की शुरुआत काफी उतार-चढ़ाव भरी रही, लेकिन रिलीज के दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस से जो आंकड़े सामने आए हैं, उन्होंने फिल्म की टीम को थोड़ी राहत जरूर दी होगी.

कानूनी लड़ाई के बाद मिली बड़ी स्क्रीन

कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की राह आसान नहीं थी. आपको याद होगा कि गुरुवार को फिल्म की रिलीज पर स्टे लगा दिया गया था, जिससे इसके भविष्य पर संकट के बादल मंडराने लगे थे.

हालांकि, शुक्रवार को केरल हाई कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद इसे 27 फरवरी को रिलीज किया गया. फिल्म के पहले दिन का रिस्पॉन्स काफी ठंडा रहा, जिसे देखकर लगा था कि शायद यह दर्शकों को खींचने में नाकाम रहेगी.

पहले दिन की सुस्ती, दूसरे दिन की छलांग

अगर आंकड़ों की तुलना करें, तो साल 2023 में आई ‘द केरल स्टोरी’ ने पहले ही दिन 8 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग के साथ धमाका कर दिया था. इसके उलट, ‘द केरल स्टोरी 2’ का पहले दिन का कलेक्शन महज 75 लाख रुपये रहा, जो कि पिछली फिल्म के मुकाबले करीब 7 गुना कम है.

लेकिन असली ट्विस्ट शनिवार को आया. दूसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और इसने करीब चार गुना ज्यादा बिजनेस किया. रिपोर्ट के मुताबिक, विपुल शाह के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म ने शनिवार को 4.65 करोड़ रुपये बटोरे. दो दिनों का कुल कलेक्शन अब 5.40 करोड़ रुपये हो गया है. जिस तरह से शनिवार को दर्शकों की भीड़ बढ़ी है, उससे उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार यानी आज फिल्म और भी ‘धांसू’ प्रदर्शन कर सकती है.

ये भी पढ़ें- क्या बॉलीवुड में ‘हीरो’ तय करता है हीरोइन? तापसी पन्नू ने खोले बॉलीवुड में कास्टिंग के राज

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म एक बार फिर उन्हीं संवेदनशील और रोंगटे खड़े कर देने वाले मुद्दों को उठाती है, जो समाज में बहस का विषय रहे हैं. कहानी तीन लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें प्यार के जाल में फंसाकर उनका धर्मांतरण कराया जाता है. फिल्म में दिखाया गया है कि इस पूरी प्रक्रिया के पीछे एक बेहद खतरनाक और गहरा मकसद छिपा होता है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देता है.

स्टार कास्ट और परफॉर्मेंस

फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा नजर आ रही हैं. इनके अलावा अल्का आमिन, अर्जन औजला, सुमित गहलावत और रामजी बाली जैसे कलाकारों ने भी फिल्म की कहानी को मजबूती देने का काम किया है.

भले ही फिल्म की शुरुआत धीमी रही हो, लेकिन शनिवार की ग्रोथ ने साबित कर दिया है कि विवाद और चर्चा के बीच फिल्म अपना रास्ता बना रही है. अब सबकी निगाहें संडे के बॉक्स ऑफिस नंबर्स पर टिकी हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read