AI Generated Image
Highest Footfall Indian Movies: आजकल जब भी कोई नई फिल्म रिलीज होती है, तो हर तरफ सिर्फ एक ही चर्चा होती है कि फिल्म ने पहले दिन कितने करोड़ कमाए? 500 करोड़ क्लब या 1000 करोड़ क्लब. लेकिन क्या वाकई ‘करोड़’ ही किसी फिल्म की असली सफलता का पैमाना है? बॉक्स ऑफिस के जानकार मानते हैं कि कमाई का यह आंकड़ा थोड़ा अधूरा है, क्योंकि समय के साथ टिकटों की कीमतें और महंगाई बढ़ती रहती है. जैसे कि 1970 के दशक में जो टिकट 2 रुपये का मिलता था, आज मल्टीप्लेक्स में उसकी कीमत 300 से 500 रुपये तक है. ऐसे में किसी फिल्म की असली लोकप्रियता और थिएटर्स में उमड़ी भीड़ को नापने का सबसे सटीक जरिया होता है ‘फुटफॉल’.
क्या होता है फिल्मों में ‘Footfall’?
दरअसल, सिनेमाघरों में बिकने वाले टिकटों की कुल संख्या को ‘फुटफॉल’कहा जाता है. यानी की असल में कितने लोगों ने थिएटर की कुर्सी पर बैठकर वह फिल्म देखी. यह वो पैमाना है जिसे बढ़ती महंगाई या टिकटों के महंगे दाम प्रभावित नहीं कर सकते. जिस फिल्म के जितने ज्यादा टिकट बिकेंगे, उसका फुटफॉल उतना ही बड़ा होगा और वही जनता की असली चहेती फिल्म मानी जाएगी.

मल्टीप्लेक्स पर ‘Baahubali 2’ इकलौता
साल 2000 के बाद जब देश में सिंगल स्क्रीन्स की जगह मल्टीप्लेक्स आया, तो टिकटें महंगी हो गईं और लोगों का थिएटर जाने का तरीका बदल गया. इस वजह से 15-20 करोड़ टिकटें बिकना तो बंद हो गया, लेकिन केवल ‘बाहुबली 2’ ही इकलौती ऐसी फिल्म रही जिसने 10 करोड़ के जादुई आंकड़े को छुआ. सिर्फ इसके हिंदी वर्जन के ही करीब 5.25 करोड़ टिकट बिके थे.
कमाई के मामले में भी ‘बाहुबली 2’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1,429.83 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ टॉप पर है, जिसके बाद पुष्पा 2, धुरंधर 2, धुरंधर 1 और केजीएफ चैप्टर 2 जैसी फिल्मों का नंबर आता है.
सनी देओल स्टारर ‘Gadar’ का गदर
साल 2001 में जब सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ रिलीज हुई, तो उसने इतिहास रच दिया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में ‘गदर’ का फुटफॉल लगभग 5.05 करोड़ था. उस दौर की आबादी, सिंगल स्क्रीन्स के सीमित टिकट दामों और सिनेमाघरों की संख्या को देखते हुए 5 करोड़ से ज्यादा टिकटें बेचना एक बहुत बड़ा चमत्कार था. यही वजह है कि आज भी इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में गिना जाता है.

किस फिल्म की बिकी सबसे ज्यादा टिकटें
भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ ऐसी कल्ट फिल्में रही हैं जिन्होंने थिएटर्स को मेलों में तब्दील कर दिया था. देश में सबसे ज्यादा फुटफॉल हासिल करने वाली टॉप फिल्मों की सूची कुछ इस प्रकार है:
- शोले (1975): 25 करोड़ टिकटों की बिक्री के साथ यह ऑल-टाइम नंबर वन है.
- मुगल-ए-आजम (1960): लगभग 10 करोड़ फुटफॉल.
- मदर इंडिया (1957): लगभग 10 करोड़ फुटफॉल.
- बाहुबली 2 (2017): सभी भाषाएं मिलाकर 10 करोड़ से ज्यादा टिकट बिके.
- मैंने प्यार किया (1989): लगभग 7.97 करोड़ फुटफॉल.
- हम आपके हैं कौन..! (1994): लगभग 7.40 करोड़ टिकट.
यह भी पढ़िए: सनी देओल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई ‘गदर 2’, आज ₹200 करोड़ क्लब में शामिल
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

