NEET UG 2026 की री-एग्जामिनेशन यानी दोबारा होने वाली परीक्षा में अब कुछ ही दिन बचे हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर एक बार फिर पेपर लीक की अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है. दरअसल, एक्स और टेलीग्राम ग्रुप्स पर एक प्रश्न पत्र का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है. इस तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि नीट का पेपर एक बार फिर लीक हो गया है. इस पोस्ट के सामने आते ही 21 जून को होने वाली परीक्षा की तैयारी में जुटे 22 लाख से ज्यादा छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया और वे गहरी चिंता में डूब गए.
PIB Fact Check ने क्या कहा?
जैसे ही सोशल मीडिया पर इस अफवाह ने जोर पकड़ा और छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति बनने लगी, वैसे ही सरकारी एजेंसी पीआईबी (PIB Fact Check) ने मोर्चा संभाला. पीआईबी ने इस वायरल दावे की पड़ताल की और इसे पूरी तरह फर्जी और अफवाह करार दिया है.
एजेंसी ने आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया कि सोशल मीडिया पर जो प्रश्न पत्र की तस्वीर घूम रही है, उसके साथ किया जा रहा पेपर लीक का दावा बिल्कुल बकवास है. पीआईबी ने उम्मीदवारों और उनके माता-पिता को आगाह किया है कि वे इंटरनेट पर चल रही ऐसी किसी भी बिना पुष्टि वाली या भ्रामक खबरों पर बिल्कुल भी भरोसा न करें और न ही इसे आगे शेयर करें.
छात्रों को खास सलाह
परीक्षा के इस संवेदनशील समय में पीआईबी फैक्ट चेक ने नीट (NEET) के सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के अपडेट या जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और प्रामाणिक स्रोतों (Official Sources) पर ही भरोसा करें. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी घोषणा या बदलाव की पुष्टि के लिए केवल नीट (NEET) की आधिकारिक वेबसाइट पर ही जाएं. इसके साथ ही, एजेंसी ने लोगों से ये भी कहा है कि अगर भारत सरकार की किसी परीक्षा या योजना से जुड़ी ऐसी कोई संदिग्ध और भ्रामक पोस्ट दिखे, तो उसकी रिपोर्ट तुरंत अधिकारियों से करें ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.
21 जून को होने जा रही इस परीक्षा को लेकर प्रशासन पहले से ही काफी मुस्तैद है, ऐसे में छात्रों को बिना ध्यान भटकाए अपनी पढ़ाई पर फोकस रखना चाहिए.
ये भी पढ़ें: क्या गुजरात में ‘ग्रेनेड स्टाइल पेन’ की वजह से हो रहे हैं धमाके? जानिए वायरल मैसेज की सच्चाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

