Bharat Express DD Free Dish

Fact Check: क्या हर शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहेंगे? जानें वायरल दावे के पीछे की सच्चाई

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि आरबीआई ने नया नियम लागू कर बैंकों को हर शनिवार और रविवार बंद करने का आदेश दिया है. जानिए सच्चाई और क्या वास्तव में ऐसा कोई नया आदेश आया है.

Fact Check

Fact Check: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट खूब शेयर की जा रही है. इसमें कहा गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नया नियम लागू कर दिया है. इस दावे के अनुसार अब देशभर के बैंक हर शनिवार और रविवार को बंद रहेंगे. ऐसे में चलिए हम आपको बताते हैं इस दावे के पीछे की सच्चाई के बारे में.

क्या है सच्चाई?

जब इस दावे की सच्चाई जानने के लिए जांच की गई तो इसके लिए संबंधित कीवर्ड से खोज की गई. खोज के दौरान हमें आरबीआई की अगस्त 2015 की एक प्रेस रिलीज मिली.

आरबीआई का पुराना नियम

2015 के प्रेस नोट में स्पष्ट किया गया था कि 1 सितंबर 2015 से सभी बैंक हर रविवार को बंद रहेंगे. इसके अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को भी छुट्टी होगी. लेकिन बाकी शनिवार को बैंक पहले की तरह खुले रहेंगे और कामकाज सामान्य रहेगा. यह नियम सार्वजनिक, निजी, विदेशी, सहकारी, ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्र के सभी बैंकों पर लागू है.

ये भी पढ़ें: Fact Check: बिहार चुनाव की तारीखों को लेकर चुनाव आयोग ने नहीं की कोई घोषणा, वायरल पोस्ट है फर्जी

नए आदेश की कोई जानकारी नहीं

हमने आरबीआई के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स भी देखे. वहां भी इस तरह का कोई नया नोटिस जारी नहीं किया गया है. आरबीआई से जुड़े सूत्रों ने भी साफ किया है कि शनिवार और रविवार दोनों दिन बैंक बंद रखने का कोई नया आदेश जारी नहीं हुआ है.

नतीजा

सोशल मीडिया पर फैल रही यह खबर पूरी तरह झूठी है. आरबीआई ने ऐसा कोई नया सर्कुलर जारी नहीं किया है. अभी भी बैंक हर रविवार और महीने के दूसरे व चौथे शनिवार को बंद रहते हैं. बाकी शनिवार को सामान्य कार्य होता है. वायरल दावा फर्जी है. बैंकिंग सेवाओं को लेकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read