सोशल मीडिया पर इन दिनों एक स्क्रीनशॉट खूब वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 1 दिसंबर से आयुष्मान कार्ड सिर्फ सरकारी अस्पतालों में ही चलेगा और प्राइवेट अस्पतालों में यह पूरी तरह बंद हो जाएगा. इस रिपोर्ट को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं. लेकिन इसकी असल कहानी कुछ और ही है.
कैसे खुली वायरल रिपोर्ट की पोल?
जांच में सामने आया कि वायरल स्क्रीनशॉट में ‘कार्ड’, ‘प्राइवेट’ और ‘करोड़ों’ जैसे शब्दों की वर्तनी में कई गलतियां हैं, जिससे इसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए.
इसके बाद जब स्क्रीनशॉट को एआई डिटेक्शन टूल्स से परखा गया, तो OpenAI के टूल ने इसे AI से बना बताया और Sightengine ने भी इसके AI जेनरेटेड होने की 99 फीसदी संभावना जताई.
क्या है आयुष्मान योजना से जुड़ी असली खबर?
दरअसल, नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) ने 5 और 6 नवंबर 2026 को कोलकाता में दो दिवसीय बैठक की थी, जिसमें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा हुई. इसके बाद ऐसी चर्चाएं आईं कि योजना के तहत 23 के बजाय 112 इलाज पैकेजों को सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित करने पर विचार चल रहा है.
पीआईबी के अनुसार, इस योजना में कुल 1,961 हेल्थ पैकेज हैं, जिनके जरिए सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का इलाज मिलता है. एक विश्वसनीय न्यूज वेबसाइट की 19 नवंबर की रिपोर्ट में भी स्पष्ट है कि 112 आरक्षित पैकेजों के अलावा बाकी उपचारों के लिए लोग प्राइवेट अस्पतालों में जा सकेंगे और राज्यों को भी सूची में जरूरत के हिसाब से बदलाव की छूट दी गई है. प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड पूरी तरह बंद करने जैसा कोई फैसला नहीं है.
इसलिए किसी भी वायरल पोस्ट या वीडियो पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता को लेकर जरूर सोचें.
यह भी पढ़ें: गोरखपुर रोड शो के नाम पर वायरल हो रहा Akhilesh Yadav का वीडियो, जानें सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




