Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों- नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हालात बेहद खराब हो चुके हैं. कई इलाकों में बारिश और बाढ़ का पानी लोगों के घरों तक घुस आया है.
यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे हजारों लोग अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन कर रहे हैं. वहीं, पंजाब में तो हालात और भी भयावह हैं. वहां बारिश ने इस कदर तबाही मचाई कि लोगों के घर बह गए और कई जिंदगियां खत्म हो गईं.
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में बारिश के साथ-साथ बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. निचले इलाकों में पानी भर गया है और आवाजाही ठप हो चुकी है. मौसम विभाग ने आज के लिए राजधानी में आंधी और बारिश की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई इलाकों में अलग-अलग स्तर पर बारिश दर्ज की गई. सफदरजंग में 7.6 मिमी, पालम में 13.3 मिमी, लोधी रोड पर 3.2 मिमी, रिज पर 5.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि आया नगर में बारिश नहीं हुई. यह आंकड़े साफ बताते हैं कि बारिश की तीव्रता हर इलाके में अलग-अलग रही.
यूपी और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में अभी चार दिन तक मौसम स्थिर रहने के आसार हैं. इसके बाद बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 10 और 11 सितंबर को पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. फिलहाल ज्यादातर जिलों में भारी बारिश की संभावना नहीं है. कहीं-कहीं हल्की या रुक-रुक कर बारिश हो सकती है.
बिहार में भी आज बारिश के आसार बेहद कम हैं. हां, कुछ जिलों में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. हालांकि, 11 से 18 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश का खतरा बताया गया है.
पंजाब में भारी तबाही
पंजाब इस वक्त सबसे ज्यादा संकट में है. लगातार हो रही बारिश ने पूरे राज्य में हाहाकार मचा दिया है. बाढ़ से गांव-गांव में पानी भर गया, लोग बेघर हो गए और कई परिवारों को अपनों को खोना पड़ा. हालत ये हैं कि अभी भी वहां राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही. मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के लिए पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि मुसीबत फिलहाल खत्म नहीं होने वाली.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



