Bharat Express DD Free Dish

अभिषेक बनर्जी ने तोड़ी चुप्पी: ममता संग मतभेद और बीजेपी में जाने की अटकलों पर दिया बड़ा बयान

अभिषेक बनर्जी ने ममता बनर्जी के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए बीजेपी में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता और गद्दारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

abhishek banrde

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार (27 फरवरी 2025) को पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के साथ किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने अपने प्रति अपनी निष्ठा जाहिर करते हुए साफ कहा कि वे तृणमूल कांग्रेस के एक निष्ठावान सिपाही हैं और उनकी एक ही नेता है और वो सिर्फ ममता बनर्जी हैं.

हाल के दिनों में ऐसी अफवाहें फैल रही थीं कि अभिषेक बनर्जी भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इन सभी अटकलों को झूठा करार दिया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “जो लोग यह दावा कर रहे हैं कि मैं बीजेपी में शामिल हो रहा हूं, वे पूरी तरह से झूठ फैला रहे हैं. अगर मेरा सिर भी कलम कर दिया जाए तब भी मैं ममता बनर्जी जिंदाबाद ही कहूंगा. इन झूठी खबरों को फैलाने के पीछे कुछ लोगों के निहित स्वार्थ हैं, खासकर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए.”

गद्दारों को बेनकाब करते रहूंगा

पार्टी कार्यकर्ताओं को आंतरिक कलह से दूर रहने की सलाह देते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि सभी को जनसेवा पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा, “अपने मतभेदों को भुलाकर हमें जनता के लिए काम करना चाहिए. पार्टी के अंदर साजिश करने का कोई फायदा नहीं है. व्हाट्सऐप ग्रुप की राजनीति करने वाले यह समझ लें कि उनके ये प्रयास बेकार जाएंगे और अंततः उन्हें ही नुकसान होगा.” उन्होंने आगे कहा कि वे पार्टी के भीतर मौजूद गद्दारों को बेनकाब करते रहेंगे, जैसा कि उन्होंने पिछले चुनावों के दौरान किया था.

मुकुल रॉय और शुभेंदु अधिकारी पर साधा निशाना

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पूर्व टीएमसी नेताओं मुकुल रॉय और शुभेंदु अधिकारी का जिक्र करते हुए कहा, “पहले भी मैंने पार्टी के गद्दारों की पहचान की थी और उन्हें बेनकाब करने की जिम्मेदारी ली थी, और आने वाले दिनों में भी मैं ऐसे लोगों की पहचान करता रहूंगा. अभिषेक बनर्जी ने यह भी चेतावनी दी कि पार्टी में अनुशासनहीनता दिखाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पार्टी के अनुशासन का पालन करने की अपील

अभिषेक बनर्जी ने टीएमसी कार्यकर्ताओं और नेताओं से पार्टी के अनुशासन का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा, “कई नेता पार्टी की अनुशासनहीनता दिखाते हुए मीडिया में बने रहने के लिए बयान देते हैं. ऐसा करने वालों की पहचान पहले ही हो चुकी है और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई है. पार्टी में कोई भी अनुशासनहीनता स्वीकार्य नहीं होगी.”

अभिषेक बनर्जी के इस बयान से साफ हो गया है कि वे पूरी तरह से ममता बनर्जी के प्रति वफादार हैं और टीएमसी छोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है. साथ ही, उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे पार्टी में गद्दारी बर्दाश्त नहीं करेंगे और अनुशासनहीन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read