बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है. अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी वारदात करने से नहीं डर रहे. ताजा मामला अहियापुर इलाके से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में बेहद शातिर तरीके से लाखों रुपये के सोने के जेवर उड़ा लिए गए. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन चुकी है.
भरोसा जीतकर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित दुकानदार राजा कुमार के मुताबिक, दोपहर के वक्त दो युवक उनकी दुकान पर आए. दोनों ने खुद को शादी की खरीदारी करने वाला ग्राहक बताया और कहा कि उन्हें सोने-चांदी के भारी गहने चाहिए. उनकी बातचीत और हाव-भाव इतने सामान्य थे कि दुकानदार को किसी तरह का शक नहीं हुआ. राजा कुमार ने बताया कि दोनों युवक अलग-अलग डिजाइन दिखाने को कहते रहे और काफी देर तक गहनों को देखते-परखते रहे. उन्होंने कुछ पसंदीदा जेवर अलग भी करवा लिए, जिससे दुकानदार पूरी तरह निश्चिंत हो गया.
बिल बनवाने के बहाने उड़ाए जेवर
जब पसंद किए गए गहनों का हिसाब-किताब बनाने की बात आई, तो दुकानदार कैलकुलेशन में लग गया. इसी दौरान एक बदमाश ने बेहद चालाकी से सोने के जेवरों से भरा एक डिब्बा उठाया और अपनी जैकेट में छिपा लिया. पूरी वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी. इसके बाद दोनों युवक बड़ी सहजता से बोले कि वे एटीएम से पैसे निकालकर तुरंत लौटते हैं और गहने ले जाएंगे. यह कहकर वे दुकान से निकल गए.
सीसीटीवी देखने पर खुली पोल
काफी देर तक जब दोनों युवक वापस नहीं आए, तो दुकानदार को अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने गहनों का मिलान किया, तो एक डिब्बा गायब मिला. घबराकर उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें पूरी चोरी साफ नजर आई. फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे बदमाश दुकानदार की नजर बचाकर जेवर उठा लेता है.
व्यापारियों में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि दुकानदार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों में डर का माहौल है. दुकानदारों का कहना है कि ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम उठाने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: ‘भारत-बांग्लादेश संबंधों को किया मजबूत’: खालिदा जिया के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



