Air Pollution
Air pollution : दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों की मामूली राहत के बाद वायु गुणवत्ता एक बार फिर तेजी से बिगड़ गई है. शुक्रवार सुबह राजधानी का औसत एक्यूआई (AQI) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह सात बजे आनंद विहार का एक्यूआई 329 दर्ज किया गया. इसके अलावा दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हवा की स्थिति चिंताजनक बनी रही, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है.
वायु की गुणवत्ता लगातार हो रही है खराब
दिल्ली के कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई. बवाना में सुबह 366, जहांगीरपुरी और मुंडका में 336, सोनिया विहार में 326 और पंजाबी बाग में 344 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया. वहीं आईजीआई एयरपोर्ट का एक्यूआई 266 दर्ज हुआ, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में ठहराव और प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण की कमी के कारण हवा की स्थिति लगातार बिगड़ रही है.
Air pollution में अभी राहत के आसार नहीं
राजधानी से सटे शहरों की हालत भी Air pollution को मामले में बेहतर नहीं है. गुरुग्राम के सेक्टर-51 में सुबह सात बजे 290 एक्यूआई दर्ज किया गया, जबकि गाजियाबाद के इंडिरापुरम में 250 और लोनी में 311 एक्यूआई पाया गया. नोएडा के सेक्टर-116 में 266 और सेक्टर-62 में 275 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी के बीच है. विशेषज्ञों का कहना है कि पराली जलाने के कारण भी वायु गुणवत्ता में गिरावट आई है और फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं.
उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक से निकले कई अहम सुझाव
इस बीच, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में डीपीसीसी, एमसीडी, पर्यावरण विभाग और अन्य एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए. मंत्री ने दिल्ली के सभी 13 प्रदूषण हॉट स्पॉट की प्रगति रिपोर्ट ली और अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदूषण की स्थिति पर जल्द काबू पाया जा सके.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


