केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय गुजरात दौरे का आज (17 मई) अंतिम और सबसे अहम दिन है. आज का दिन पूरी तरह से अहमदाबाद और गांधीनगर के विकास को समर्पित है. अपने ‘नॉन-स्टॉप’ शेड्यूल के तहत अमित शाह आईटी (IT) और इनोवेशन से लेकर, सहकारिता (डेयरी), स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे तक के 9 अलग-अलग मेगा-प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
मधुर डेयरी के 5 लाख लीटर वाले मेगा प्लांट की सौगात
आज के कार्यक्रमों में सबसे बड़ा आकर्षण ‘मधुर डेयरी’ का नया मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट है. सहकारिता मंत्री के रूप में अमित शाह दोपहर को चिलोड़ा के निकट दशेला गांव पहुंचेंगे. डेयरी के चेयरमैन डॉ. शंकर सिंह राणा के अनुसार, शाह गांधीनगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी मंडली द्वारा संचालित 5 लाख लीटर क्षमता वाले इस नए प्लांट का उद्घाटन करेंगे. फीता काटने के बाद गृह मंत्री पूरे प्लांट का बारीकी से निरीक्षण करेंगे और फिर एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
युवाओं और तकनीक पर फोकस
दिन की शुरुआत युवाओं और इनोवेशन को बढ़ावा देने के साथ होगी. सुबह 10:30 बजे अमित शाह अहमदाबाद के त्रागड में गणेश हाउसिंग द्वारा बनाए गए शानदार “मिलियन माइंड्स टेक पार्क” (ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर) का उद्घाटन करेंगे. इसके ठीक बाद गांधीनगर में स्थित प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन (NID) के ‘इनोवेशन और इनक्यूबेशन सेंटर (IIC)’ का भी शुभारंभ किया जाएगा. आज के सभी कार्यक्रमों का मुख्य फोकस शहर की आम जनता की सुविधाओं को अपग्रेड करना है, जिसमें पार्क, जल वितरण, स्वास्थ्य और स्वच्छता शामिल हैं.
अमित शाह का आज का पूरा शेड्यूल
- सुबह 10:30: त्रागड (निरमा यूनिवर्सिटी के पीछे), अहमदाबाद में मिलियन माइंड्स टेक पार्क” व GCC कैंपस का उद्घाटन
- सुबह 11:45: NID (इन्फोसिटी के पास), गांधीनगर में NID के इनोवेशन और इनक्यूबेशन सेंटर (IIC) का उद्घाटन
- दोपहर 1:30: Ch-0 कॉर्नर, सेक्टर 1, गांधीनगर में गांधीनगर नगर निगम द्वारा नवनिर्मित बगीचे का उद्घाटन
- दोपहर 1:45: दशेला (चिलोडा हाईवे), गांधीनगर में मधुर डेयरी के 5 लाख लीटर क्षमता वाले नए प्लांट का उद्घाटन
- दोपहर 3:00: पेठापुर, गांधीनगर में पानी की टंकी और नर्मदा जल वितरण प्रणाली का उद्घाटन
- दोपहर 3:15: कोलवाडा, गांधीनगर में STP प्लांट का दौरा और वृक्षारोपण कार्यक्रम
- दोपहर 3:35: सहकार कॉलोनी (सेक्टर 25), गांधीनगर में नवनिर्मित योग स्टूडियो और पुस्तकालय का उद्घाटन
- दोपहर 3:50: मुख्य शॉपिंग सेंटर (सेक्टर 22), गांधीनगर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन
- शाम 4:00: टाउन हॉल (सेक्टर 17), गांधीनगर में विभिन्न विकास-उन्मुख कार्यक्रमों का शिलान्यास/उद्घाटन
ये भी पढ़ें: भोजशाला से हटा कमाल मौलाना मस्जिद का नाम, पूजा पर क्या है ASI का नया आदेश?
दिनभर शहर के अलग-अलग हिस्सों में जन-कल्याणकारी परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद, अमित शाह का यह ‘मैराथन दौरा’ शाम 4 बजे गांधीनगर के सेक्टर 17 स्थित टाउन हॉल में संपन्न होगा. यहां वे मंच से गांधीनगर नगर निगम के कई अन्य विकास-उन्मुख कार्यक्रमों का एक साथ उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस दौरे से गुजरात के बुनियादी ढांचे और सहकारिता मॉडल को एक बड़ी और तेज रफ्तार मिलने की उम्मीद है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.