अमित शाह ANTF सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
ANTF Conference 2026: नई दिल्ली/राजीव तिवारी: देश में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध ड्रग कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए केंद्र और राज्यों की एजेंसियां एक बार फिर साथ बैठेंगी. नई दिल्ली में 22 सितंबर 2026 से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों का तीसरा राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू होगा. दो दिन चलने वाले इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे.
सम्मेलन में देश में तेजी से बदल रहे ड्रग नेटवर्क और उससे जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा होगी. खासतौर पर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर रहेगा.
ड्रग कार्टेल से लेकर डार्कनेट तक चर्चा
बैठक में नारकोटिक्स नियंत्रण के लिए तैयार किए गए विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029 के लक्ष्यों पर भी मंथन होगा. अलग-अलग राज्यों की एजेंसियों के बीच सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान, साझा कार्रवाई और जांच को प्रभावी बनाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी.
ड्रग कार्टेल के खिलाफ कार्रवाई सम्मेलन के प्रमुख मुद्दों में रहेगी. इसके साथ ही सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते कारोबार और गुप्त रूप से चल रही अवैध ड्रग लैब्स को खत्म करने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा. तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच डार्कनेट से होने वाली ड्रग तस्करी और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए किए जा रहे लेनदेन से जुड़े मामलों की जांच भी एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती है.
ये भी पढ़ें: एशियाई खेल 2026 में पुरुष शूटर टीम ने जीत सिल्वर, गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई; क्या बोले?
NCB के नए परिसरों की आधारशिला
इसी दौरान अमित शाह लखनऊ और देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखेंगे. इन परिसरों से संबंधित क्षेत्रों में ड्रग मामलों की जांच और नारकोटिक्स नियंत्रण से जुड़ी संस्थागत क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है. सरकार का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत के साथ नशामुक्त भारत की दिशा में भी आगे बढ़ना है. सम्मेलन में तैयार होने वाली रणनीति इसी अभियान को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




