Anand Mishra
Chhattisgarh Crime: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां के मशहूर बाबा बच्छराज कुंवर धाम परिसर के पास एक 22 साल के युवक की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान कछिया गांव के रहने वाले विमलेश वर्मा के रूप में हुई है जो पिछले दो दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता था. गुरुवार देर रात नदी में उसका शव तैरता हुआ मिला जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
बलि देने का काम करता था युवक
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक विमलेश बच्छराज कुंवर धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के बकरों की बलि देने का काम करता था. बताया जा रहा है कि दो दिन पहले झारखंड से कुछ श्रद्धालु धाम आए थे जो काम खत्म होने के बाद विमलेश को अपने साथ ले गए. इसके बाद से ही विमलेश का कुछ पता नहीं चल रहा था. मामला तब और उलझ गया जब विमलेश की मोटरसाइकिल उन श्रद्धालुओं के पास ही बरामद हुई. इसके बाद से उसकी तलाश और तेज कर दी गई थी, लेकिन गुरुवार की रात नदी से उसकी लाश बरामद हुई.
ये भी पढे़ं- 20 साल से जहरीला धुआं उगल रही त्रिमुला इंडस्ट्रीज पर बड़ा एक्शन, फैक्ट्री बंद करने और बिजली काटने के आदेश
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
चलगली थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए वाड्रफनगर भेज दिया है. इस बीच मृतक के चाचा ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
पुलिस ने फिलहाल बॉडी को जब्त कर लिया है और मामले से जुड़े हर पहलू को खंगाल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह क्या है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल चलगली पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विमलेश नदी तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी जान गई.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


