Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

एक रात, तीन कत्ल, लव स्टोरी और शादी का चक्कर…बेंगलुरु की सड़कों पर खूनी खेल, घनचक्कर में पड़ी पुलिस

बेंगलुरु में एक ही रात तीन अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने सनसनी फैला दी. पुलिस, रिलेशनशिप विवाद, गैंग रंजिश और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी एंगल से मामलों की जांच कर रही है…

Bengaluru Night of Horror: देश की आईटी कैपिटल कहा जाने वाला बेंगलुरु शहर रविवार की रात अचानक एक खौफनाक क्राइम थ्रिलर (Bengaluru Triple Murder) के रूप में बदल गया. महज कुछ ही घंटों के फासले पर शहर के अलग-अलग कोनों से आई तीन बड़ी और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदातों ने पूरी बेंगलुरु पुलिस और आम जनता को हिलाकर रख दिया है. एक ही रात में तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसमें दो बेबस महिलाएं शामिल हैं और एक वारदात तो इतनी दुस्साहसिक थी कि बीच सड़क पर एक नामी हिस्ट्रीशीटर को चाकुओं से गोद डाला गया.

इन वारदातों के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कई टीमें अब इन तीनों मामलों के सुराग तलाशने में रात-दिन एक कर रही हैं. शुरुआती तफ्तीश में जहां महिलाओं की हत्या के पीछे प्यार, धोखा और नजदीकी जान-पहचान का ऐंगल सामने आ रहा है, वहीं हिस्ट्रीशीटर के कत्ल को गैंगवार और एक दशक पुरानी खूनी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है.

शादी की जिद के टकराव में अंजलि का दर्दनाक अंत

खूनी खेल की पहली खौफनाक स्क्रिप्ट महालक्ष्मी लेआउट इलाके में लिखी गई. यहां 23 साल की मासूम अंजलि की उसके ही बॉयफ्रेंड राजीव ने बीच सड़क पर चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, ये दोनों पिछले तीन साल से ज्यादा समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे और सब कुछ ठीक चल रहा था. लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब अंजलि ने राजीव पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया. अंजलि के परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे क्योंकि राजीव का एक पुराना और गहरा क्रिमिनल बैकग्राउंड था, जिसके चलते परिवार को अंजलि के भविष्य की चिंता थी.

इसी बात को लेकर रविवार रात दोनों के बीच तीखी बहस हुई और गुस्से में पागल राजीव ने अंजलि पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देकर आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी राजीव को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.

किराए के मकान में कृष्णा बर्मन का कत्ल(Bengaluru Triple Murder)

अभी महालक्ष्मी लेआउट की वारदात से पुलिस संभल भी नहीं पाई थी कि इसके कुछ ही घंटों के बाद बोम्मनहल्ली पुलिस स्टेशन के इलाके से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ गई. यहां एक घर के अंदर 40 साल की महिला कृष्णा बर्मन की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली. कृष्णा उस मकान में किराए पर रहती थी और जब कमरे के अंदर उसका शव मिला तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस की फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों ने जब मौके का मुआयना किया, तो शुरुआती जांच में साफ हुआ कि किसी बहुत करीबी या जानने वाले शख्स ने ही घर के अंदर दाखिल होकर उसका गला घोंटकर हत्या की है.

कातिल ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि बाहर किसी को भनक तक नहीं लगी. फिलहाल पुलिस महिला के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स, उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और पिछले कुछ दिनों के मूवमेंट्स की गहराई से जांच कर रही है ताकि उस करीबी कातिल के चेहरे से नकाब हटाया जा सके.

जेपी नगर के आईजी सर्कल पर लाइव गैंगवार

रविवार रात की तीसरी और सबसे ज्यादा सनसनीखेज वारदात ने बेंगलुरु के जेपी नगर रोड पर कानून व्यवस्था के दावों के परखच्चे उड़ा दिए. यहां आईजी सर्कल के पास शहर के एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ हलमुक राजा पर कातिलों ने सरेआम मौत का जाल बिछाया. सीसीटीवी फुटेज में जो मंजर कैद हुआ है, उसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर एक पीली-बोर्ड वाली कमर्शियल कार से आए थे. उन्होंने राजा को सड़क पर घेरा और जब राजा जान बचाने के लिए भागा, तो कई हमलावरों ने हथियारों के साथ उसका पीछा किया. राजा जैसे ही सड़क पर गिरा, कातिलों ने उस पर कई बार चाकुओं और धारदार हथियारों से वार किए.

वारदात के बाद हमलावर उसी पीली कार में बैठकर हवा की रफ्तार से फरार हो गए. राजा को लहूलुहान हालत में पास के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने की वजह से डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राजा पर हत्या, हत्या की कोशिश और लूटपाट के दर्जनों मामले दर्ज थे और शक है कि यह कत्ल करीब 10 साल पुरानी गैंगवार की रंजिश का नतीजा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital