Bharat Express DD Free Dish

ट्रेनों में यात्रियों की कंबल को लेकर शिकायत दूर करने के लिए रेलवे ने शुरू की नई व्यवस्था

भारतीय रेलवे ने AC क्लास यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू की है. अब यात्रियों को सफर के दौरान मुफ्त में कंबल कवर मिलेगा, जिससे सफर और अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगा.

रेलवे ने कंबलों को लेकर यात्रियों की शिकायतों को दूर करने के लिए बड़ा फैसला किया है. अब ट्रेनों में यात्रियों को कंबल के साथ कवर भी मिलेंगे. फिलहाल इसे पायलट आधार पर शुरू किया गया है. यह जानकारी रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से गुरुवार को दी गई. मीडिया से बातचीत करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हमारे रेलवे सिस्टम में कंबल का उपयोग वर्षों से होता आ रहा है, लेकिन हमारे यात्रियों के मन में हमेशा एक संशय रहता था. उस संशय को दूर करने के लिए आज एक नई पहल की गई है, जिसके तहत अब ट्रेनों में कंबल के साथ कवर भी दिया जाएगा.

उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल इसे पायलट आधार पर शुरू किया गया है, जिसके तहत केवल जयपुर से चलने वाली एक गाड़ी में यात्रियों को कंबल के साथ कवर भी दिए गए हैं. पायलट प्रोजेक्ट के नतीजों के आधार पर ही इस पहल को अन्य ट्रेनों में आगे बढ़ाया जाएगा. केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि छोटे-छोटे स्टेशनों पर भी सुविधाएं बढ़ी हैं. प्लेटफार्म की हाइट, उसकी लेंथ, प्लेटफार्म पर कवर आदि को लेकर काम किया गया है.

पायलट प्रोजेक्ट में मिली सफलता

पैसेंजर्स की इन्फॉर्मेशन के लिए साइन बोर्ड लग रहे हैं. राजस्थान के करीब 65 स्टेशनों पर यह सब चीजें लगी हैं. इसके अतिरिक्त, नई वंदे भारत स्लीपर में अपर बर्थ काफी आरामदायक होगा और सभी आयु वर्ग के लोग आसानी से इस तक पहुंच पाएंगे. वंदे भारत प्रोजेक्ट के निदेशक निशुंक गर्ग ने बताया कि आमतौर यात्रियों के मन में धारणा होती है कि अपर बर्थ आरामदायक नहीं होता है और इस तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. इसी चीज को ध्यान में रखते हुए, हमने नई वंदे भारत स्लीपर को डिजाइन किया है.

उन्होंने आगे बताया कि इसमें अपर बर्थ तक पहुंचने वाली सीढ़ी को इस तरीके से डिजाइन किया गया है कि सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए यह आरामदायक हो.

ये भी पढ़ें- ‘भ्रष्टाचार, आतंकवाद और भगोड़ों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति’, CBI सम्मेलन में अमित शाह का ऐलान

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read