Anant Singh Rival Arrest
Anant Singh Rival Arrest: मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह का जानी दुश्मन कहे जाने वाले कुख्यात अपराधी भोला सिंह को CBI ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया. उसकी यह गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल में दो लोगों के अपहरण के 12 साल पुराने मामले में हुई है. एक समय CRPF जवान रहे भोला सिंह गुजरात में नाम बदलकर रह रहा था.
भोला सिंह और अनंत सिंह कभी दोस्त हुआ करते थे. बाद में आपसी झगड़े की वजह से दोनों एक दूसरे की जान के दुश्मन बन गए. भोला सिंह की हत्या की साजिश रचने के ही मामले में साल 2019 में अनंत सिंह के घर पर रेड पड़ी थी और उन्हें जेल भेजा गया था. पुलिस ने उनके घर से AK-47 बरामद की थी.
अनंत सिंह का दुश्मन नंबर एक माना जाने वाला भोला सिंह पर हत्या के कई मुकदमें दर्ज हैं. उसपर विवेका पहलवान और संजय सिंह की भी हत्या का आरोप है.
कभी दोस्त थे अब दुश्मन नंबर 1
अनंत सिंह और भोला सिंह कभी दोस्त हुआ करते थे. भोला सिंह जरायम की दुनिया में आने से पहले CRPF का जवान था. बाद में उसने नौकरी छोड़ दी और अनंत सिंह के साथ मिलकर NTPC में ठेका-टेंडर उठाने लगा. साल 2008 में विवेका पहलवान के भाई संजय सिंह की हत्या में नाम आने के बाद भोला सिंह और अनंत सिंह की दोस्ती में दरार आ गई.
राजीव सिंह की हत्या में भोला सिंह का हाथ
भोला सिंह, अनंत सिंह के साथ कदम से कदम मिलाकर चलता था, लेकिन साल 2010 में दोनों के बीच 2 करोड़ रुपये को लेकर विवाद हो गया. यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक दूसरे की जान के दुश्मन बन गए. साल 2013 में 30 दिसंबर को अनंत सिंह के खासमखास माने जाने वाले राजीव सिंह की पटना के आनंदपुरी में हत्या हो गई. इस हत्या का आरोप भी भोला सिंह पर लगा. जिसके बाद अनंत सिंह और भोला सिंह के बीच की यह दूरी कभी नहीं मिटी.
ये भी पढ़ें- परिसीमन बिल पर संसद में घमासान, राहुल गांधी ने बिल को बताया राष्ट्रविरोधी, बोले- यह चुनावी नक्शा बदलने की साजिश
पंडारक के रहने वाले भोला सिंह ने अपराध की दुनिया में करीद दो दशकों तक दबदबा बनाए रखा. उसने कमांडों की ट्रेनिंग ले रखी थी, जो उसे जुर्म के करियर में बेहद घातक बना दिया. उसपर बिहार के कई थानों में 11 मामले दर्ज हैं. कई वारदातों को अंजाम देने वाला भोला सिंह अचानक गायब हो गया. पुलिस ने उसे और उसके भाई पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया था.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



