Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना से ठीक एक दिन पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई. आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर गठबंधन की अहम बैठक बुलाई. इस बैठक में भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, VIP प्रमुख मुकेश सहनी समेत अन्य सहयोगी दलों के नेता शामिल हुए.
बैठक का मकसद
बैठक का मकसद था मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता बरतना. सूत्रों के मुताबिक, एजेंटों की तैनाती, संभावित रुझानों पर रणनीति और प्रशासनिक समन्वय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि 2020 जैसी गड़बड़ी इस बार नहीं दोहराई जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने के बावजूद कुछ अधिकारियों की मनमानी से नतीजे बदल दिए गए थे.
ये भी पढ़ें-Bihar Election Result: बिहार की 10 VIP सीटों पर हाईवोल्टेज मुकाबला! वापसी होगी या उलटफेर – जानिए यहां
चुनाव आयोग से निष्पक्षता की अपील
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने चुनाव आयोग से निष्पक्षता की अपील की और चेताया कि अगर कोई अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम करता है तो वह लोकतंत्र के खिलाफ अपराध करेगा. उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता ने इस बार एनडीए को बाहर करने का मन बना लिया है. “हमें पता है कि दिल्ली से दबाव डाला जा रहा है, लेकिन जनता का जनादेश साफ है. हम भारी बहुमत से जीत रहे हैं,” तेजस्वी ने कहा.
तेजस्वी ने गठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं और एजेंटों से अपील की कि वे मतगणना केंद्रों पर पूरी सजगता से मौजूद रहें और किसी भी अफवाह या उकसावे से दूर रहकर सिर्फ चुनाव आयोग की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



