Bharat Express DD Free Dish

नवादा में रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, एक युवक की मौके पर ही मौत, दो की हालत नाजुक

नवादा जिले के मीनापुर गांव के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में दरगाही बीघा निवासी 22 वर्षीय अमर पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

Bihar, Nawada

Bihar News: बिहार के नवादा से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां रफ्तार के जुनून ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया. शनिवार को एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.

मीनापुर गांव के पास हुआ खौफनाक हादसा

यह पूरी घटना मीनापुर गांव के पास की है. बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर हिसुआ की तरफ से आ रहा था, वहीं दूसरी ओर से बाइक पर सवार तीन युवक नरहट की तरफ जा रहे थे. मीनापुर गांव के पास आते ही ट्रैक्टर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बाइक को सीधे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सीधे ट्रैक्टर के नीचे जा घुसी.

इस हादसे में बाइक चला रहे 22 वर्षीय अमर पासवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. अमर दरगाही बीघा गांव के रहने वाले राजेश पासवान के बेटे थे. वहीं, बाइक पर पीछे बैठे विशाल कुमार और रणवीर कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

अस्पताल में भर्ती घायल

स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर कर दिया है. इधर, जैसे ही अमर की मौत की खबर उसके गांव दरगाही बीघा पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है.

ये भी पढ़ें- किताब दुकान संचालक सह प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम हत्या, मुजफ्फरपुर में अंधाधुंध फायरिंग के बाद पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को दबोचा

हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रैक्टर ड्राइवर को मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर था, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कानून अपने हाथ में नहीं लिया और ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गौतम कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि बेकाबू रफ्तार से गाड़ी चलाने वाले इस ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि दोबारा किसी और का घर न उजड़े.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read