Bharat Express DD Free Dish

सफेदपोश होटल या ‘जिस्मफरोशी’ का अड्डा? बिहार पुलिस की छापेमारी में हुआ बड़ा खुलासा

बिहार पुलिस ने वैशाली के दो होटलों में छापेमारी कर एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया और होटल संचालकों समेत तीन को गिरफ्तार किया है. वहीं रोहतास में भी पुलिस ने रेड लाइट एरिया में दबिश देकर कई लोगों को हिरासत में लिया है.

Bihar police raid at Hotel rescued women

ये AI जेनरेटेड इमेज है.

बिहार में पुलिस ने अनैतिक कार्यों और देह व्यापार के सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है. वैशाली से लेकर रोहतास तक हुई छापेमारी ने उन सफेदपोश होटल मालिकों और संचालकों की नींद उड़ा दी है जो कमरों की आड़ में गंदा धंधा चला रहे थे. वैशाली में तो पुलिस ने बाकायदा जाल बिछाकर दो होटलों में दबिश दी और वहां से तीन महिलाओं को दलदल से बाहर निकाला.

वैशाली: होटल की आड़ में शोषण का खेल

मामला वैशाली जिले के वैशाली थाना क्षेत्र का है. पुलिस को काफी समय से खबर मिल रही थी कि खरौना पोखर स्थित ‘अभिषेक वैशाली होटल’ और ‘द रॉयल कैफे एंड रेस्टोरेंट’ में कुछ ठीक नहीं चल रहा है. आरोप था कि होटल का प्रबंधन और मालिक ज्यादा मुनाफे के चक्कर में महिलाओं का शारीरिक शोषण करवा रहे थे.

खबर पक्की होते ही एसडीपीओ सदर-02 (लालगंज) की अगुवाई में एक स्पेशल टीम बनाई गई. इस टीम में थाना प्रभारी के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया ताकि ऑपरेशन के दौरान संवेदनशीलता बनी रहे. जैसे ही पुलिस ने होटल में दस्तक दी, वहां हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है.

3 गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में

इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को दबोचा है, जिनकी पहचान नीरज कुमार, मुकेश साहनी (वैशाली) और महेश महतो (सारण) के रूप में हुई है. हैरानी की बात यह है कि इस धंधे में एक नाबालिग को भी शामिल किया गया था, जिसे पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया है. पुलिस ने मौके से नकद रुपए, मोबाइल फोन और ग्राहकों की एंट्री वाला रजिस्टर भी जब्त किया है, जो इस अवैध कारोबार के पुख्ता सबूत हैं.

रोहतास में ‘रेड लाइट’ एरिया पर धावा

सिर्फ वैशाली ही नहीं, रोहतास पुलिस भी इन दिनों फुल एक्शन मोड में है. पुलिस ने बिक्रमगंज के रेड-लाइट एरिया में अचानक छापेमारी की, जिससे वहां अफरातफरी मच गई. ढंगाई गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है.

एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह के मुताबिक, हिरासत में ली गई चार महिलाएं ऑर्केस्ट्रा से जुड़ी हुई हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि ये महिलाएं शादियों और सामाजिक कार्यक्रमों में नाचने-गाने का काम करती हैं. हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि कहीं इनके पीछे कोई बड़ा रैकेट तो काम नहीं कर रहा.

ये भी पढ़ें: India AI Impact Summit 2026: पहले दिन 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्ष, 60 मंत्री और 500 ग्लोबल एआई लीडर्स ने लिया हिस्सा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read