Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पीएम मोदी के जन्मदिन पर गुजरात में 378 स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन, रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया की गई शुरू 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में गुजरात भर में 378 स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा.

PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के जन्मदिन की पूर्व संध्या और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में गुजरात भर में 378 स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा. गुजरात के सारे कर्मचारी मंडल एवं तमाम शैक्षणिक संघों ने पीएम मोदी के जन्मदिन को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को ध्यान में रखकर मनाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत प्रदेश के अलग-अलग तालुकों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा.

इस आयोजन को लेकर जिला और तहसील स्तर पर कई अलग-अलग बैठकें की गईं. इस पहल का नेतृत्व गुजरात राज्य सरकारी कर्मचारी मंडल, शैक्षिक संगठनों और मददगार परिवार ने संयुक्त रूप से किया है. यह आयोजन 17 सितंबर 2025 को गुजरात के सभी जिलों और तालुकों में व्यापक स्तर पर होगा, जिसे विश्व रक्तदान दिवस (14 जून) की भावना से प्रेरित होकर और भी भव्य बनाया गया है.

अध्यक्ष प्रकाश गुर्जर ने आईएएनएस से बात करते हुए आयोजन के बारे में बताया. उन्होंने कहा, “विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर हमने निर्णय लिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को रक्तदान के माध्यम से उत्सव के रूप में मनाया जाए. इसके लिए सभी संगठनों ने मिलकर जिला और तहसील स्तर पर कई बैठकें कीं, जिनमें रक्तदान शिविरों के स्थान, प्रभारी और ब्लड बैंकों को सुनिश्चित किया गया.”

उन्होंने कहा कि इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी केंद्रों को अंतिम रूप देने के बाद कार्यक्रम का रजिस्ट्रेशन वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन और ऑफिशियल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूरोप के साथ किया गया है.

ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू

इसके तहत एक समर्पित वेबसाइट बनाई गई, जहां ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई. गुर्जर ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी तैयारियां पूरी की गई हैं. प्रत्येक शिविर में ब्लड बैंकों द्वारा रक्त संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि जरूरतमंदों तक यह रक्त समय पर पहुंच सके.

गुर्जर ने कहा, “यह पहल प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को समर्पित है, जो देश की सुरक्षा और समृद्धि का प्रतीक है.” इस आयोजन में हजारों लोगों के हिस्सा लेने की संभावना है.”


ये भी पढ़ें: गांधीनगर में अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन 14 सितंबर को, विद्वानों से संवाद करेंगे गृह मंत्री अमित शाह


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital