Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘भाजपा में आने के बाद मुझे कुछ नहीं मिला’, कैप्टन अमरिंदर बोले- कांग्रेस भी शायद वापस न ले

Captain Amarinder Singh: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद पिछले चार साल में उन्हें कुछ खास नहीं मिला. साथ ही यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कांग्रेस अब उन्हें वापस लेगी.

captain-amarinder-singh-bjp-congress-comeback-punjab-politics-interview

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है.

Captain Amarinder Singh: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद पिछले चार साल में उन्हें कुछ खास नहीं मिला. साथ ही यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कांग्रेस अब उन्हें वापस लेगी.

एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि भाजपा में रहेंगे या नहीं, तो उन्होंने दो टूक जवाब दिया, ‘विकल्प क्या है?’ उन्होंने कहा कि न तो वह अकाली दल में जा सकते हैं और न ही उन्हें लगता है कि कांग्रेस उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल करेगी.

‘भाजपा में आया लेकिन कुछ नहीं मिला’

द ट्रिब्यून को दिए इंटरव्यू में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि किसी भी पार्टी में शामिल होने पर व्यक्ति यह उम्मीद करता है कि उसके अनुभव का इस्तेमाल किया जाएगा.

उन्होंने कहा,

मैंने करीब 60 साल पंजाब को समझने और देखने में बिताए हैं. मैं यह नहीं कहता कि मेरे पास हर सवाल का जवाब है, लेकिन मैं इस राज्य को अच्छी तरह जानता हूं. इसके बावजूद पिछले चार साल में मुझे कुछ नहीं मिला.

पंजाब सरकार पर साधा निशाना

कैप्टन ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार का नियंत्रण कमजोर दिखाई देता है.

उनके मुताबिक ड्रग्स का कारोबार बढ़ रहा है, किसान नाराज हैं और बेरोजगारी भी बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि पंजाब की मौजूदा हालत को लेकर उनके पास कहने के लिए बहुत कम सकारात्मक बातें हैं.

कांग्रेस से अब भी भावनात्मक जुड़ाव

भले ही कैप्टन अब भाजपा में हैं लेकिन उन्होंने माना कि कांग्रेस से उनका भावनात्मक रिश्ता आज भी बना हुआ है.

उन्होंने कहा,

जब आप किसी पार्टी के साथ 50 साल बिताते हैं, तो उससे लगाव खत्म नहीं होता. मैंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला नहीं किया था, बल्कि परिस्थितियां ऐसी बनीं कि मुझे जाना पड़ा.

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस समय पंजाब कांग्रेस बिखरी हुई नजर आती है और पार्टी को पहले खुद को संभालने की जरूरत है.

राहुल-प्रियंका पर क्या बोले?

राहुल गांधी ने हाल ही में कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा नेता बताया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन ने कहा कि उनके राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी से व्यक्तिगत रिश्ते हमेशा अच्छे रहे हैं.

उन्होंने कहा कि राजनीति और निजी संबंध अलग-अलग चीजें हैं. राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों पर उसका असर नहीं पड़ना चाहिए.

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे कैप्टन

कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस का चेहरा रहे. लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू के साथ विवाद और मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी. बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया.

ये भी पढ़ें- CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़क पर उतरा विपक्ष! पटना में RJD का बड़ा प्रदर्शन, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा

हालांकि समय-समय पर उनकी कांग्रेस में वापसी की अटकलें लगती रही हैं, लेकिन इस बार उन्होंने साफ कर दिया कि उन्हें ऐसी कोई संभावना नजर नहीं आती.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital