Urdu Conclave 2026

बलरामपुर में ‘मौत’ का मंजर! पेशाब करने रुके थे बराती, ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पीट डाला

Balrampur Mob Lynching: बलरामपुर के सनावल में बच्चा चोर होने के शक में ग्रामीणों ने बारात से लौट रहे युवकों को जमकर पीटा. पुलिस ने दो लोगों को जेल भेज दिया है और अफवाहों से बचने की अपील की है.

Balrampur Mob Lynching Attempt Child Lifter Rumors

Balrampur Mob Lynching: आनन्द मिश्रा/बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. थाना सनावल क्षेत्र के ग्राम बड़वाही में अफवाहों के चलते ग्रामीणों ने बारात से लौट रहे कुछ युवकों को ‘बच्चा चोर’ समझकर तालिबानी सजा दे डाली. भीड़ का उन्माद इतना अधिक था कि उन्होंने मौके पर पहुँची पुलिस टीम के साथ भी धक्का-मुक्की की और कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की.

पेशाब करने रुके और बन गए ‘बच्चा चोर’ (Balrampur Child Lifter Rumors)

जानकारी के अनुसार, युवकों का एक समूह बारात से वापस अपने घर लौट रहा था. रास्ते में उन्होंने लघुशंका (पेशाब) के लिए अपनी गाड़ी रोकी और नीचे उतरे. उसी दौरान पास के खेत में एक नाबालिग लड़का महुआ बीन रहा था. अजनबियों को अचानक पास देख वह बच्चा डर गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा. बच्चे की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुँच गए.

बिना सोचे-समझे शुरू कर दी पिटाई

ग्रामीणों ने बिना किसी पूछताछ या सच्चाई जाने उन युवकों को ‘बच्चा चोर’ घोषित कर दिया. देखते ही देखते दर्जनों लोगों की भीड़ ने युवकों को घेर लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. युवक बार-बार अपनी बेगुनाही का सबूत देते रहे, लेकिन भीड़ के सर पर अफवाहों का खून सवार था. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि युवकों की जान पर बन आई.

पुलिस की मौजूदगी में भी हुआ बवाल (Balrampur Police Action)

घटना की सूचना मिलते ही सनावल थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया. इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के साथ भी बदतमीजी और धक्का-मुक्की की. हैरानी की बात यह रही कि पुलिस के घेरे में होने के बावजूद कुछ ग्रामीण युवकों पर हमला करने की कोशिश करते रहे.

ये भी पढ़ें: ‘संकट का मिलकर सामना करें’, जेवर एयरपोर्ट से पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट पर क्या संदेश दिया?

दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई

सनावल थाना प्रभारी के अनुसार, इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य उपद्रवियों को धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने अफवाह फैलाई और हिंसा को उकसाया. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचित करें.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read