Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

जमीन विवाद में देवरिया में 6 लोगों की हत्या पर सीएम योगी सख्त, हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश

Deoria News: देवरिया हत्याकांड पर प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी और स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था पर नजर बनाये हुए हैं और पल-पल की अपडेट ले रहे हैं.

Deoria: देश में आज अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की जयंती लोग मना रहे हैं वहीं देवरिया की एक हिंसा ने सबको झकझोर के रख दिया है। एक जमीनी विवाद में देवरिया के फतेहपुर गांव में छह लोगों की हत्या कर दी गयी। इस हत्याकांड का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया और हत्यारों की गिरफ्तारी जल्द करने का आदेश जारी कर दिया गया। वहीं इस पर समाजवादी पार्टी ने भी सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है।

यूपी के देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव के लेडहा टोले पर उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीनी विवाद में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव समेत छह लोगों की हत्या कर दी गयी। जानकारी के मुताबिक पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव और सत्य प्रकाश दुबे के परिवार के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। उसी को लेकर आज पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव सत्य प्रकाश दुबे के घर पहुंचे और दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि प्रेम यादव की पहले धारदार हथियार से हत्या की गई। जैसे ही इसकी जानकारी गांव में पहुंची, तो प्रेम यादव के समर्थक और घरवाले सत्य प्रकाश दुबे के परिवार पर हमला कर दिया।

हमले में पांच सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया गया। इस घटना में एक आठ साल का लड़का गम्भीर रूप से घायल है। मृतकों में दो महिला, दो बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। घटना की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते गोरखपुर मण्डल के कमिश्नर, आई जी, देवरिया के जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा समेत छह थानों की पुलिस फोर्स ने मोर्चा संभाला और गाँव में आपसी टकराव न हो इसके लिए भीड़ हो दूर हटा दिया गया। गांव में पुलिस बल जगह जगह तैनात कर दी गयी है। जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह ने कहा कि इस घटना में छह लोगों की मौत हुई है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मुख्यालय ने रखा पक्ष, दो की हुई गिरफ्तारी

देवरिया हत्याकांड पर प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी और स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था पर नजर बनाये हुए हैं और पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने अपना पक्ष रखा कि देवरिया के रुद्रपुर तहसील के फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में आपसी रंजिश में हुए विवाद में एक पक्ष के एक व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हुई तथा दूसरे पक्ष के छह लोगों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पांच लोगों की मृत्यु हुई। प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से संबंधित है। आज सुबह प्रेम यादव सत्यप्रकाश दुबे के घर पर आए थे, जिसमें कहासुनी हुई और सत्यप्रकाश दुबे और उनके परिजनों ने प्रेम यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी। कुछ देर बाद प्रेम यादव के टोले अभयपुर से लोगों ने सत्यप्रकाश दुबे के घर पर हमला कर घटना को अंजाम दिया। मामले में दो गिरफ्तारी हुई है। प्रकरण की जांच जारी है।

दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा – सीएम योगी

देवरिया में छह लोगों की हत्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्ती दिखाई और खुद मामले की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश जारी किया है कि वह खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच करें। मुख्यमंत्री ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि देवरिया की दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दुःखद एवं निंदनीय है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। एडीजी, कमिश्नर, आईजी को मौके पर पहुंचकर कठोरतम कार्यवाही तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Deoria Murder News: देवरिया में सनसनीखेज वारदात, पूर्व जिला पंचायत सदस्य और दो मासूम समेत छह लोगों की हत्या, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

सपा ने कानून व्यवस्था पर उठाये सवाल

देवरिया हत्याकांड पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था फेल है। इस जमीनी रंजिश की जानकारी पुलिस को थी लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि आज थानों और खासकर जमीन के मामलों में बिना पैसे दिए पुलिस काम नहीं करती है अगर समय रहते पुलिस कार्यवाही करती तो इतनी बड़ी दुखद घटना नहीं होती।

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital