Congress Leaders Praise RSS: हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तारीफ करके सबको चौंका दिया है. वर्षों से संघ के आलोचक रहे दिग्विजय सिंह ने अचानक सराहना की बात कही. बाद में उन्होंने सफाई भी दी लेकिन वह सफाई ज्यादा असरदार नहीं रही. यह कोई पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस के भीतर से संघ के लिए सकारात्मक आवाज उठी हो.
राहुल गांधी ने दी था चेतावनी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी जानते हैं कि उनकी पार्टी में कई ऐसे नेता हैं जो दबे जुबान संघ की सराहना करते हैं. उन्होंने इस पर चेतावनी देते हुए कहा था कि जिन्हें डर है वे कांग्रेस छोड़कर RSS में शामिल हो सकते हैं. राहुल का कहना था कि पार्टी को निडर लोग चाहिए, डरपोक नेताओं की कोई जगह नहीं है.
ओडिशा में उठी थी आवाज
इसी साल की शुरुआत में ओडिशा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधानसभा स्पीकर किशोर पटेल ने RSS की तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि संघ पिछले सौ सालों से हिंदुत्व की रक्षा और चरित्र निर्माण के लिए काम कर रहा है. पटेल ने संघ के अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति की भावना की सराहना की.
‘संघ से मेरा संबंध’
करीब छह महीने पहले मध्यप्रदेश के सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार ने भी सार्वजनिक मंच से RSS की तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि भले ही वह कांग्रेस में हैं लेकिन उनका संबंध संघ से रहा है और उन्होंने संघ के लिए काम भी किया है.
कांग्रेस सेशन के बाद बयान
नवंबर 2012 में हरियाणा के सूरजकुंड में कांग्रेस का सेशन हुआ था. उसके अगले दिन ही मध्यप्रदेश के देवास से सांसद रहे सज्जन सिंह वर्मा ने संघ की तारीफ कर दी. उन्होंने कहा था कि RSS कार्यकर्ता लगन से काम करते हैं जबकि कांग्रेस नेता AC कमरों से बाहर नहीं निकलते.
‘संघ से सीखे कांग्रेस’
मध्यप्रदेश के ही कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया ने भी संघ की तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संघ से अनुशासन सीखना चाहिए.
कांग्रेस में RSS का गीत गाने वाले नेता
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने विधानसभा में संघ का गीत गाया था. विवाद बढ़ने पर उन्होंने माफी तो मांगी लेकिन यह घटना चर्चा में रही. इसके बाद कांग्रेस विधायक एचडी रंगनाथ ने भी संघ के गीत ‘नमस्ते सदा वत्सले’ की तारीफ की और कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है.
ये भी पढ़ें-नरसपुरम की लेस कला पर फिदा हुए पीएम मोदी, CM नायडू ने कहा ‘शुक्रिया’
दिग्विजय सिंह से लेकर शिवकुमार तक कांग्रेस के कई नेताओं ने अलग-अलग मौकों पर RSS की तारीफ की है. यह घटनाएं दिखाती हैं कि पार्टी के भीतर संघ को लेकर अलग-अलग सोच मौजूद है, जो समय-समय पर सामने आती रहती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

