Foreign parcel scam
Foreign parcel scam India: विदेश से डॉलर और सोने से भरा पार्सल भेजने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियाई महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए लोगों से दोस्ती कर उन्हें महंगे विदेशी पार्सल का झांसा देता था और फिर कस्टम, टैक्स व अन्य शुल्क के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लेता था.
अमेरिका से दोस्ती, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 को साइबर थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी. पीड़ित ने बताया कि खुद को अमेरिका का निवासी बताने वाले व्यक्ति ने पहले उससे दोस्ती की. कुछ समय बाद आरोपी ने डॉलर और सोने से भरा पार्सल भेजने का दावा किया. इसके बाद अलग-अलग बहानों से कस्टम और क्लियरेंस शुल्क के नाम पर पीड़ित से 1 लाख 46 हजार रुपये ठग लिए गए. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की.
तीन राज्यों में छापेमारी, चार आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने दिल्ली, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक नाइजीरियाई महिला भी शामिल है. पुलिस के मुताबिक महिला खुद को इमिग्रेशन और कस्टम अधिकारी बताकर पीड़ितों को भरोसे में लेती थी और पार्सल छुड़ाने के नाम पर पैसे जमा करवाती थी. आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.
म्यूल खातों के जरिए छिपाई जाती थी ठगी की रकम
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के अन्य सदस्य कमीशन लेकर साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे. ठगी से हासिल रकम को कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर उसके वास्तविक स्रोत को छिपाया जाता था, जिससे जांच एजेंसियों के लिए पैसों की ट्रेल पकड़ना मुश्किल हो जाए.
यह भी पढ़ें: Sirohi Accident: बाइक सवार को बचाने में पलटा सवारियों से भरा ऑटो, सात घायल; दो की हालत गंभीर
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल दिल्ली पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल ने देशभर में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस ठगी से कितनी रकम जुटाई. पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



