Delhi hydrogen bus: दिल्ली की सड़कों पर आज से पर्यावरण के अनुकूल पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया अध्याय जुड़ गया है. डीएमआरसी ने राजधानी की पहली हाइड्रोजन शटल बस सेवा शुरू कर दी है. यह बस सेंट्रल विस्टा और सरकारी दफ्तरों के बीच चलेगी और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को आसान बनाएगी.
सरकारी कर्मचारियों और यात्रियों को राहत
इस नई बस सेवा का मकसद सरकारी कर्मचारियों और आम यात्रियों को बेहतर सुविधा देना है ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो. बस कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, विज्ञान भवन और निर्माण भवन जैसे अहम इलाकों से होकर गुजरेगी.
आधुनिक सुविधाओं से लैस
बस में 35 लोगों के बैठने की क्षमता है. सुरक्षा के लिए GPS और CCTV लगाए गए हैं. सबसे खास बात यह है कि यह बस पूरी तरह हाइड्रोजन फ्यूल पर चलेगी, जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी.
कर्मचारियों और यात्रियों की प्रतिक्रिया
बस संचालन से जुड़े कर्मचारी इस पहल को लेकर उत्साहित हैं. उनका कहना है कि यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर देने की कोशिश की जा रही है. वहीं, यात्रियों ने भी इस सुविधा का स्वागत किया और कहा कि इससे सफर आसान होगा और पर्यावरण को फायदा मिलेगा.
किराया और संचालन
इस शटल बस का किराया 10 से 15 रुपये रखा गया है. यात्री NCMC कार्ड, UPI और नकद से भुगतान कर सकेंगे. बस सेवा सोमवार से शुक्रवार तक चलेगी और हर 30 मिनट में एक बस उपलब्ध होगी.
प्रदूषण के खिलाफ बड़ा कदम
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच यह हाइड्रोजन बस सेवा ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है. अगर आने वाले समय में ऐसी और बसें सड़कों पर उतारी जाती हैं, तो न सिर्फ प्रदूषण घटेगा बल्कि लोगों को आधुनिक और बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी मिलेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

