Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का ‘ड्राइव सेफ, अराइव सेफ’ अभियान तेज – राजधानी में सड़क सुरक्षा के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ‘ड्राइव सेफ, अराइव सेफ’ अभियान के तहत चौराहों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. अभियान में करीब 1850 लोगों को ट्रेनिंग दी गई.

Road Safety Awareness Campaign: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में सुरक्षित सड़क यातायात और ज़िम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया है.

“ड्राइव सेफ, अराइव सेफ – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता” (Drive Safe Arrive Safe Campaign) के संदेश के साथ शुरू हुए इस अभियान के तहत स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों और ट्रैफिक चौराहों पर लोगों को ट्रैफिक नियमों, महिला सुरक्षा और अनुशासित ड्राइविंग व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया.

इस अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक मुख्यालय) श्री सत्यवीर कटारा ने की.

दिल्ली में ट्रैफिक जागरूकता अभियान

अभियान के तहत दिल्ली के प्रमुख चौराहों जैसे बर्फ खाना चौक पर ऑन-ग्राउंड कैम्पेन आयोजित किए गए, जिसमें पैदल यात्री, दोपहिया, चारपहिया वाहन चालक और साइकिल सवार समेत करीब 1850 लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई.

इस दौरान हेलमेट और सीटबेल्ट पहनने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, गलत दिशा में गाड़ी न ले जाने और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाई गई.

साइकिल चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बर्फ खाना चौक और कालकाजी क्षेत्र में साइकिल दृश्यता और सुरक्षा अभियान चलाया गया, जिसमें 169 साइकिल चालकों को सुरक्षित सवारी की जानकारी दी गई और उनकी साइकिलों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए ताकि रात में दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो.

ऑटो चालकों के लिए भी विशेष जागरूकता सत्र कालकाजी मंदिर के पास आयोजित किया गया, जिसमें 19 टीएसआर चालकों को ट्रैफिक नियमों के पालन और जिम्मेदार सड़क व्यवहार के बारे में बताया गया.

बस चालकों और महिलाओं को ट्रैफिक सुरक्षा की ट्रेनिंग दी गई

इसके अलावा, डीटीसी और क्लस्टर बस चालकों के लिए सुभाष प्लेस और नेहरू प्लेस स्थित इलेक्ट्रिक बस डिपो में विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें कुल 88 बस चालकों को ट्रैफिक कानून, पैदल यात्री जागरूकता, सुरक्षित ब्रेकिंग और सार्वजनिक आचरण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया.

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पंजाबी बाग ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में होंडा के सहयोग से दोपहिया वाहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 6 महिलाओं को सुरक्षित बाइक चलाने, ट्रैफिक नियमों और आपातकालीन प्रतिक्रिया की ट्रेनिंग दी गई.

राजधानी को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए चलाया गया अभियान

इस पूरी पहल की वरिष्ठ अधिकारियों विशेष पुलिस आयुक्त ट्रैफिक श्री अजय चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री सत्यवीर कटारा, और डीसीपी ट्रैफिक मुख्यालय-I श्री शशांक जायसवाल ने सराहना की.

उन्होंने कहा कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा किए गए ये प्रयास आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को मज़बूत करते हैं और सभी वर्गों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित करते हैं.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान राजधानी को और अधिक सुरक्षित, अनुशासित और जागरूक सड़क परिवेश देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.


ये भी पढ़ें- मोहर्रम जुलूस के दौरान कई राज्यों में हिंसा, विहिप ने की सख्त कार्रवाई की मांग


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital