Bharat Express DD Free Dish

श्री विजयपुरम में नवरात्रि की धूम: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा पहले ‘डांडिया महोत्सव’ में हुए शामिल, माता दुर्गा के सामने टेका मत्था

अंडमान-निकोबार की राजधानी श्री विजयपुरम के ITF मैदान में प्रथम डांडिया महोत्सव आयोजित हुआ. उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया.

Lieutenant Governor Dr Dinesh Sharma Attends First Dandiya Mahotsav Sri Vijaya Puram

शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह की राजधानी श्री विजयपुरम भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के रंगों में सराबोर नजर आ रही है. यहां के ऐतिहासिक आईटीएफ (ITF) मैदान में संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित प्रथम ‘डांडिया महोत्सव’ में द्वीपसमूह के माननीय उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मां दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया और समस्त द्वीपवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की.

पहली बार आयोजित हुआ भव्य डांडिया उत्सव

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के संस्कृति विभाग की ओर से पहली बार इस स्तर पर डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया था. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना है. रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में पहुंचे युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने डांडिया की ताल पर जमकर नृत्य किया और उत्सव की रौनक बढ़ा दी.

भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि शारदीय नवरात्रि का पर्व हमारी सनातन परंपरा, आस्था और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है. मां दुर्गा के नौ स्वरूप हमें जीवन में सकारात्मकता, साहस और भक्ति की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं.

आईटीएफ मैदान में आयोजित इस भव्य उत्सव में स्थानीय नागरिकों ने भारी संख्या में भाग लिया. दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों के लिए यह डांडिया महोत्सव एक यादगार अनुभव साबित हुआ, जहां भक्ति, संगीत और नृत्य का खूबसूरत संगम देखने को मिला.

यह भी पढ़ें: काशी में लगेगी संस्कृति संसद: 3 हजार संत-विद्वान जुटेंगे, जेन-जी को मिलेगा अपनी बात रखने का मंच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read