Dr Motup Angmo: लद्दाख के एसएनएम हॉस्पिटल, लेह की कंसल्टेंट नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मोटप आंग्मो को देश के प्रतिष्ठित ‘डॉ. शरत चंद्र दास एंडोमेंट ACOIN अवॉर्ड 2024’ से सम्मानित किया गया है. यह पुरस्कार एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी ऑप्थल्मोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया (ACOIN) की ओर से दिया गया, जो सामुदायिक नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को प्रदान किया जाता है.
लद्दाख के स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशालय ने इस उपलब्धि पर डॉ. आंग्मो को हार्दिक बधाई दी है. निदेशक डॉ. ताशी थिनलास ने कहा कि यह सम्मान न सिर्फ डॉ. आंग्मो की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे लद्दाख की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गर्व का विषय है.

एसएनएम हॉस्पिटल लेह से शुरू की अपनी सेवा
डॉ. मोटप आंग्मो ने वर्ष 2017 में एसएनएम हॉस्पिटल, लेह में अपनी सेवा शुरू की थी. तब से वह लगातार लद्दाख की जनता को गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं. वर्ष 2018 से उन्होंने अकेले ही नेत्र विभाग का संचालन संभाला और अब तक हजारों मरीजों का सफल इलाज किया है. उन्होंने बाह्य और आंतरिक दोनों तरह की सर्जरी की हैं, जिनमें आपातकालीन ऑपरेशन भी शामिल हैं. साथ ही, रेटिना से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए इंट्राविट्रियल इंजेक्शन भी खुद देती हैं.

6 साल से 24 घंटे ऑन कॉल हैं डॉ. आंग्मो
एसएनएम हॉस्पिटल की चिकित्सक डॉ. आंग्मो की समर्पण भावना का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे पिछले छह साल से चौबीसों घंटे ऑन कॉल रहती हैं. जानकारी के मुताबिक वो पूरे साल में केवल दो बार ही अपने घर नुब्रा घाटी जा पाती हैं. उन्होंने दूरस्थ और ऊंचे इलाकों जैसे चांगथांग, नुब्रा, शाम और कारगिल में कई नेत्र जांच और स्कूल कैंप लगाए, जिससे हजारों लोगों को अंधता से बचाया जा सका.
ये भी पढ़ें- बिहार ने तोड़ा 74 साल का रिकॉर्ड! चुनाव आयोग की फाइनल ब्रीफिंग; एक नजर में जानें सब कुछ
भविष्य के नेत्र विशेषज्ञों को किया तैयार
उन्होंने न सिर्फ मरीजों की सेवा की, बल्कि भविष्य की पीढ़ी के नेत्र विशेषज्ञों को भी तैयार किया. डॉ. मोटप आंग्मो ने एएमटी छात्रों, नर्सिंग स्टाफ और नेत्र सहायकों को प्रशिक्षण देकर क्षेत्र में कुशल मेडिकल कर्मियों का नेटवर्क खड़ा किया है. दिलचस्प बात यह है कि सरकारी मेडिकल कॉलेज, जम्मू में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में चयनित होने के बावजूद उन्होंने लद्दाख में ही रहकर अपनी सेवाएं जारी रखीं. वे आज भी क्षेत्र की एकमात्र नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं और अब तक 3,000 से अधिक नेत्र सर्जरी कर चुकी हैं.
लद्दाख के स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. ताशी थिनलास ने डॉ. मोटप आंग्मो को इस योग्य राष्ट्रीय सम्मान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. उनका निस्वार्थ सेवा भाव, पेशेवर उत्कृष्टता और सामुदायिक नेत्र स्वास्थ्य के प्रति गहरा समर्पण लद्दाख सहित पूरे देश के स्वास्थ्यकर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
