जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखाल इलाके में आतंकियों के खिलाफ चल रहा ऑपरेशन आज नौवें दिन भी जारी है. रातभर इलाके में जोरदार धमाकों और गोलियों की आवाजें गूंजती रहीं जिससे तनाव का माहौल बना हुआ है. इस दौरान सेना के दो बहादुर जवान लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह शहीद हो गए. चिनार कॉर्प्स ने उनकी वीरता को सलाम करते हुए कहा कि उनका साहस और समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा.
आतंकी का शव बरामद
इस ऑपरेशन में अब तक एक आतंकी का शव बरामद किया गया है जबकि दो आतंकियों को मार गिराया जा चुका है. वहीं दस जवान घायल हुए हैं जिनमें से दो पिछली रात की फायरिंग में घायल हुए हैं. सूत्रों की माने तो घने जंगलों और प्राकृतिक गुफाओं का फायदा उठाकर कम से कम तीन या उससे अधिक आतंकी अब भी छिपे हुए हैं.
सबसे लंबे आतंक विरोधी अभियानों में से एक
यह मुठभेड़ कश्मीर घाटी के सबसे लंबे आतंक विरोधी अभियानों में से एक बन चुकी है. ऑपरेशन की शुरुआत एक अगस्त को हुई थी जब सुरक्षाबलों को आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी. इसके बाद इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया जो अब तक जारी है.
ऑपरेशन हाई-टेक निगरानी से लैस
ऑपरेशन को हाई-टेक निगरानी से लैस किया गया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात और सेना के उत्तरी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं. आतंकियों की तलाश में ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है, जबकि पैरा कमांडो भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें-Raksha Bandhan पर राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं
इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. यह ऑपरेशन आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की समर्पण का प्रतीक बन गया है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

