जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) बुधवार देर रात एक शादी समारोह में शामिल थे. इसी दौरान वहां मौजूद एक शख्स ने अचानक फायरिंग कर दी. गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई लेकिन गनीमत रही कि फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) सुरक्षित बच निकले. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया.
पुलिस और सुरक्षा बल की कार्रवाई
यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके के रॉयल पार्क में हुई. वहां नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) और पुलिस के जवान तैनात थे, जिन्होंने तुरंत हरकत में आकर हमले को नाकाम कर दिया. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके पास से बरामद हथियार भी जब्त कर लिया गया है.
फायरिंग का वीडियो सामने आया
हमले के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें साफ दिख रहा है कि हमलावर को कुछ लोग पकड़कर पीट रहे हैं. गोली चलने के बाद समारोह में मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे.
कौन है आरोपी?
पुलिस ने बताया कि हमलावर का नाम कमल सिंह जामवाल है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है. उसका जन्म 1963 में हुआ था और शहर के ओल्ड सिटी इलाके में उसकी कई दुकानें हैं. इन्हीं दुकानों से मिलने वाले किराए से वह अपना खर्च चलाता है.
20 साल से रची थी साजिश
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने कहा कि वह पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) को मारना चाहता था. यह उसका निजी एजेंडा था. जिस रिवॉल्वर से उसने गोली चलाई, वह उसी की थी.
चश्मदीदों ने क्या बताया?
समारोह में मौजूद राकेश सिंह ने बताया कि यह शादी नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के लीगल सेल के अध्यक्ष की बेटी की थी. उन्होंने कहा कि जब फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) जाने की तैयारी कर रहे थे तभी आरोपी उनके पीछे पहुंचा और रिवॉल्वर तान दी. गोली ऊपर चली गई लेकिन उन्होंने दावा किया कि मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था.
सरकार की प्रतिक्रिया
जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) समेत सभी लोग सुरक्षित हैं. उन्होंने इसे सुरक्षा में चूक बताया और कहा कि ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं. जिन नेताओं ने देश के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं, उन्हें पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए.
ये भी पढ़ें-होर्मुज स्ट्रेट में थाई जहाज मयूरी नारी पर हमला, 20 नाविक सुरक्षित, 3 लापता
उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?
हमले के बाद फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) के बेटे और सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह ने रहम किया, उनके पिता बड़े खतरे से बच गए. उन्होंने सवाल उठाया कि जेड प्लस और NSG सुरक्षा में रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कोई शख्स हथियार लेकर कैसे पहुंच गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


