Jharkhand Murder Case: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर थीं और महज तीन दिन बाद बारात आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही होने वाले दूल्हे की हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. जांच के अनुसार, युवती का अपने ही जीजा के साथ प्रेम संबंध था और तय हुई शादी दोनों के रिश्ते के बीच सबसे बड़ी रुकावट बन गई थी. इसी वजह से कथित तौर पर दोनों ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रच डाली. जिसके बाद इस मामले में को इंदौर के चर्चित सोनम रघुवंशी और पुणे की सिया जैसा कहा जा रहा है.
गुमशुदगी से शुरू हुई जांच
मामला जमुआ थाना क्षेत्र के भिखोडीह गांव का है. यहां रहने वाले 20 वर्षीय नीरज हाजरा 5 जुलाई को अचानक लापता हो गए थे. काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो उनके पिता ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. परिवार को शुरू से ही किसी अनहोनी की आशंका थी. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.
मोबाइल लोकेशन ने खोल दिया पूरा राज
एसआईटी ने कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की. इसी दौरान पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिनके आधार पर टीम बिहार के जमुई जिले के बेला जंगल तक पहुंची. वहां पहले से मिले एक अज्ञात शव की पहचान नीरज हाजरा के रूप में हुई. शव मिलने के बाद साफ हो गया कि यह सिर्फ गुमशुदगी नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है.
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरिडीह के गमतरिया गांव की रहने वाली उर्मिला कुमारी का अपने जीजा सुभाष पासवान के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था. इसी बीच परिवार ने उर्मिला की शादी नीरज हाजरा से तय कर दी. पुलिस के मुताबिक, दोनों इस शादी के खिलाफ थे और उन्हें लग रहा था कि विवाह के बाद उनका रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा. इसी सोच के चलते कथित तौर पर उन्होंने नीरज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
पहले बुलाया, फिर कर दी हत्या
जांच में सामने आया किनीरज को बहाने से बुलाया गया. इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के इरादे से शव को बिहार के जंगल में फेंक दिया गया. आरोपियों को उम्मीद थी कि इससे पुलिस तक कोई सुराग नहीं पहुंचेगा, लेकिन डिजिटल सबूतों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
ये भी पढ़ें: कहां-कहां है PK की 198 करोड़ की दौलत? डॉक्टर पत्नी ज्यादा अमीर; हलफनामे दिया कच्चा-चिट्ठा
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी उर्मिला कुमारी और उसके प्रेमी सुभाष पासवान को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई होंडा स्कूटी बरामद की गई है. वहीं बिहार पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो चाकू भी जब्त कर लिए हैं. शुरुआती जांच में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश में झारखंड और बिहार में लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक तकनीक, मोबाइल डेटा और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी बेहद कम समय में सुलझा ली गई. फिलहाल सभी पहलुओं की गहराई से जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
