Goa Club Fire: गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित मशहूर रेस्टोरेंट-कम-नाइट क्लब Birch by Romeo Lane में आधी रात बड़ा हादसा हो गया. किचन एरिया में अचानक ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे क्लब को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 20 की जान दम घुटने से गई और तीन लोग जिंदा जल गए.
बेसमेंट में फंसे कर्मचारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई. कई लोग बाहर निकलने की बजाय बेसमेंट की ओर भागे, जहां पहले से धुएं का गुबार फैला हुआ था. ज्यादातर मृतक वहीं काम करने वाले कर्मचारी थे. बाद में दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 25 हो गई.
मुख्यमंत्री और विधायक की प्रतिक्रिया
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस घटना को राज्य के लिए “बहुत दर्दनाक दिन” बताया और जांच के आदेश दिए. स्थानीय विधायक माइकल लोबो ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए सभी क्लबों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई
पुलिस कंट्रोल रूम को रात 12:04 बजे आग की सूचना मिली. तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया और बांबोलिम के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया. डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि मृतकों में 4 पर्यटक और 14 क्लब कर्मचारी शामिल हैं, जबकि 7 लोग घायल हैं.
ये भी पढ़ें-इंडिगो एयरलाइंस पर संकट: कई फ्लाइट कैंसिल, सरकार ने CEO को नोटिस भेजा
सुरक्षा नियमों की अनदेखी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि क्लब में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. ब्लास्ट को आग की मुख्य वजह माना जा रहा है. प्रशासन ने क्लब मैनेजमेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




