Bharat Express DD Free Dish

कौन है 1,825 करोड़ रुपये GST घोटाले का मास्टरमाइंड कपिल चुग? DGGI ने गिरफ्तारी के लिए रचा खास जाल

GST scam mastermind Kapil Chugh: डीजीजीआई ने 1,825 करोड़ रुपये के जीएसटी रिफंड घोटाले के मुख्य आरोपी कपिल चुग को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया.

GST scam mastermind Kapil Chugh: सरकारी खजाने को चूना लगाने वाले मास्टरमाइंड कपिल चुग की फरारी आखिरकार खत्म हो गई. अहमदाबाद जोनल यूनिट की डीजीजीआई टीम ने उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया. वह दुबई से लौट रहा था और जैसे ही एयरपोर्ट पर उतरा, अधिकारियों ने उसे दबोच लिया.

22 समन के बाद भी हाथ नहीं आया

जांच एजेंसियों ने कपिल चुग को पकड़ने के लिए एक-दो नहीं बल्कि पूरे 22 समन जारी किए थे. हर बार वह जांच से बच निकलता और आखिरकार दुबई जाकर छिप गया. लंबे समय से वह एजेंसियों की रडार पर था और उसके मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही थी.

फर्जी कंपनियों का जाल

कपिल चुग ने अपने साथी विपिन शर्मा के साथ मिलकर फर्जी कंपनियों का एक बड़ा नेटवर्क खड़ा किया. ये कंपनियां सिर्फ कागजों पर मौजूद थीं, न दफ्तर, न कर्मचारी और न ही कोई असली कारोबार. गरीब और अनजान लोगों के आधार व पैन कार्ड का इस्तेमाल कर इन कंपनियों को बनाया गया. बदले में उन लोगों को हर महीने तय रकम दी जाती थी.

फर्जी बिल और टैक्स क्रेडिट

इन कंपनियों के जरिए बिना माल की सप्लाई किए करोड़ों रुपये के नकली इनवॉइस तैयार किए गए. खासकर तंबाकू उत्पादों के नाम पर भारी-भरकम इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) दिखाया गया. यह फर्जी ITC अलग-अलग कंपनियों के बीच घुमाया गया और अंत में उन फर्मों तक पहुंचाया गया जो खुद को एक्सपोर्टर बताती थीं.

एक्सपोर्ट के नाम पर रिफंड

कांडला सेज (KASEZ) में मौजूद एक्सपोर्टर कंपनियों के जरिए इस फर्जी ITC को सरकार से रिफंड के रूप में नकद वसूल लिया गया. इसी तरीके से करीब 1,825 करोड़ रुपये का घोटाला अंजाम दिया गया.

बैंकों को भी लगाया चूना

कपिल चुग ने सिर्फ जीएसटी रिफंड में ही नहीं, बल्कि बैंकों को भी धोखा दिया. उसने अपने एक्सपोर्ट कारोबार का टर्नओवर बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया और येस बैंक से लगभग 11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की. सीबीआई ने भी उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेजों के जरिए क्रेडिट सुविधाएं लेने के मामले में चार्जशीट दाखिल की है.

सेबी की नजर में भी

इस पूरे नेटवर्क में उसका साथी विपिन शर्मा भी शामिल था, जो Elitecon कंपनी का एमडी है. सेबी ने 30 मार्च को विपिन शर्मा के खिलाफ आदेश जारी किया था. आरोप है कि उसने फर्जी टर्नओवर दिखाकर अपनी कंपनी की वैल्यूएशन गलत तरीके से बढ़ाई.

आदतन आर्थिक अपराधी

वित्त मंत्रालय ने कपिल चुग को ‘आदतन आर्थिक अपराधी’ करार दिया है. अधिकारियों का कहना है कि उसका पूरा करियर ही जटिल वित्तीय संरचनाएं बनाने में बीता, जिनका मकसद सरकारी राजस्व और बैंकिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचाना था.

ये भी पढ़ें-महाठग कपिल चुग गिरफ्तार: तंबाकू से किया 1825 करोड़ का GST रिफंड घोटाला, बैंक को लगाया चूना; जानें कैसे करता था काम?

आगे की जांच

फिलहाल कपिल चुग सलाखों के पीछे है. जांच एजेंसियां अब उसके नेटवर्क के बाकी लोगों और घोटाले की अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं. यह गिरफ्तारी इस बात का संकेत है कि चाहे अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read