Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल हुए अमित शाह और नितिन नवीन, देशवासियों से की राष्ट्रव्यापी भागीदारी की अपील

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गृह मंत्री अमित शाह और नितिन नवीन ने नई दिल्ली में अपने आवास पर तिरंगा फहराया. नितिन नवीन ने बताया कि 3 करोड़ से ज्यादा लोग अपनी सेल्फी पोर्टल पर अपलोड कर चुके हैं.

Har Ghar Tiranga Campaign Amit Shah Nitin Nabin Hoist Flag In Delhi

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर देशभर में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित अपने-अपने आवास की छत पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के बाद दोनों नेताओं ने गर्व के साथ तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी भी ली और इस जन-आंदोलन का हिस्सा बने.

पीएम मोदी का सपना

ध्वजारोहण के बाद मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए संदेश देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान हर भारतीय के दिल में देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को गहरा करता है.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री जी की अपील पर मैंने अपने घर पर तिरंगा फहराया है. यह तिरंगा स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों और हमारे सामूहिक संकल्प की याद दिलाता है. आइए, हम सब अपने घरों पर आन-बान-शान से तिरंगा फहराएं, सेल्फी लें और पोर्टल पर शेयर करें ताकि यह अभियान देश के कोने-कोने तक पहुंचे.’

3 करोड़ से ज्यादा सेल्फी

नितिन नवीन ने एक और जानकारी साझा करते हुए बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ की आधिकारिक वेबसाइट पर अब तक 3 करोड़ से अधिक नागरिक तिरंगे के साथ अपनी फोटो अपलोड कर चुके हैं. उन्होंने कहा, “मैंने भी अपनी सेल्फी अपलोड कर दी है, अब इस राष्ट्रीय उत्सव में शामिल होने की आपकी बारी है. तिरंगा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के संघर्ष, बलिदान और एकता का प्रतीक है.”

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’: Amit Shah

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी दिल्ली में अपने आवास पर तिरंगा फहराने के बाद देशवासियों को बधाई दी. अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अब एक राष्ट्रव्यापी जनांदोलन का रूप ले चुका है.

उन्होंने कहा कि आज करोड़ों देशवासी अपने घरों पर तिरंगा लहराकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत कर रहे हैं. नेताओं ने देश के हर नागरिक और परिवार से इस गौरवशाली राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी लाल किले से करेंगे मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व, पहली बार गूंजेगा ‘वंदे मातरम’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read