Bharat Express DD Free Dish

रांची की बात नहीं, दिल्ली पर हमला…; JPSC-JSSC पेपर लीक से सीएम हेमंत सोरेन ने कैसे झाड़ा पल्ला?

Hemant Soren statement on JPSC JSSC protest: झारखंड विधानसभा में सीएम हेमंत सोरेन ने JPSC-JSSC पेपर लीक मामले में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने लखनऊ की टीडीपीएल (TDPL) कंपनी और यूपी-बिहार के लोगों पर धांधली का आरोप लगाते हुए BJP पर जमकर निशाना साधा. हालांकि, उनके बयान के बाद सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया.

Hemant Soren speech Jharkhand

Hemant Soren statement on JPSC JSSC protest: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई भारी धांधली और पेपर लीक को लेकर हजारों छात्र रांची की सड़कों पर लाठियां खा रहे हैं. विपक्ष विधानसभा में सरकार से जवाब मांग रहा था. उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) इस धांधली पर अपनी सरकार की जिम्मेदारी तय करेंगे और कोई ठोस समाधान देंगे. लेकिन, सदन में जो हुआ उसने सबको चौंका दिया. सीएम सोरेन ने ‘रांची’ (अपनी सरकार के तंत्र) की नाकामी पर बात करने के बजाय सीधा ‘दिल्ली’ पर हमला बोल दिया और पेपर लीक से अपना पल्ला झाड़ लिया.

पल्ला झाड़ने का गजब ‘प्लान’ (Hemant Soren paper leak controversy Jharkhand)

सदन में जब विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा, तो सोरेन ने बड़े ही सधे हुए सियासी अंदाज में इस पूरी धांधली का ठीकरा बाहरी लोगों पर फोड़ दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड की परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाली कंपनी लखनऊ (TDPL) की थी और इसमें शामिल लोग उत्तर प्रदेश और बिहार के थे. यानी, सीधा संदेश यह था कि राज्य की प्रशासनिक मशीनरी में कोई खोट नहीं है, जो भी किया है बाहरी लोगों ने किया है.

रांची के सवालों पर ‘दिल्ली’ पर हमला (Hemant Soren attacks BJP over Ranchi student protest)

जब सवाल रांची में सिस्टम के फेल होने का था, तो हेमंत सोरेन ने इसे दिल्ली की ओर मोड़ दिया. उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये (बीजेपी) वही लोग हैं जो गरीबों और युवाओं की जेब से पैसा निकाल रहे हैं. जो लोग पहले गेरुआ पहनकर गुमराह करते थे, आज वही छात्रों के भेष में राजनीति कर रहे हैं. सोरेन ने तर्क दिया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण नौकरियां जा रही हैं और बीजेपी उनके राज्य में आकर माहौल बिगाड़ रही है.

ये भी पढ़ें: ‘राहुल गांधी को घड़ियाली आंसू बहाना…’ धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, छात्रों को लेकर क्या कहा?

बयान दिया और सत्र ही कर दिया खत्म (Babulal Marandi vs Hemant Soren)

इस पूरी सियासी कहानी का सबसे दिलचस्प और विवादित हिस्सा अंत में आया. हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर ताबड़तोड़ आरोप लगाए, पेपर लीक का दोष यूपी-बिहार पर मढ़ा, और खुद को ‘क्लीन चिट’ देते हुए अपना भाषण खत्म किया. लेकिन, विपक्ष को इस पर सवाल पूछने या पलटवार करने का मौका ही नहीं दिया गया. सोरेन के संबोधन के तुरंत बाद ही भारी हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही तय समय (12 अगस्त) से एक दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई. सियासी जानकारों का मानना है कि सोरेन ने बड़ी ही चालाकी से बिना जवाबदेही तय किए, खुद को इस पूरे विवाद से निकाल लिया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read