Himachal Landslide Accident: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मंगलवार शाम हुए भीषण भूस्खलन के मलबे की चपेट में एक बस आ गई. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. इस दुखद हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गहरा शोक व्यक्त किया है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.
गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर व्यक्त किया शोक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में इस हादसे को मन को दुखी करने वाला बताया. उन्होंने लिखा,
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है. एनडीआरएफ की टीमें घटना घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में लगी हैं. इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
जेपी नड्डा ने बताया दुखद हादसा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी बिलासपुर हादसे पर शोक जाहिर की. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर इसे अत्यंत दुखद समाचार बताया. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा,
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन में एक बस के चपेट में आने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू से दुर्घटना स्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल व भाजपा कार्यकर्ताओं को पीड़ितों की तत्काल सहायता में लगाने का अनुरोध किया और बिलासपुर एम्स प्रशासन को त्वरित उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें- Bilaspur Landslide: हिमाचल में भूस्खलन की चपेट में आई बस, 15 लोगों की मौत; PM मोदी ने की राहत राशि की घोषणा
जेपी नड्डा ने पोस्ट में आगे लिखा कि शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं एवं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में आत्मबल प्रदान करें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



