प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चंडीगढ़ ज़ोन टीम ने 22 और 23 जून 2025 को हिमाचल प्रदेश के पूर्व सहायक ड्रग कंट्रोलर निशांत सरीन और उनके रिश्तेदारों व सहयोगियों से जुड़े कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई बद्दी (हिमाचल प्रदेश) में तैनाती के दौरान पद के दुरुपयोग, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच के सिलसिले में की गई.
छापेमारी के दौरान ईडी को कई अहम दस्तावेज़ मिले हैं, जिनमें ड्रग लाइसेंस, शोकॉज नोटिस, फार्मा कंपनियों को दी गई क्लियरेंस, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, और डिजिटल डिवाइसेज़ शामिल हैं. ईडी ने इस दौरान दो लग्ज़री गाड़ियां (अनुमानित मूल्य ₹32 लाख) जब्त की हैं, साथ ही 40 से अधिक बैंक खाते, एफडीआर और तीन लॉकरों को सीज़/फ्रीज़ किया गया है.
इतना ही नहीं, निशांत सरीन के न्यू चंडीगढ़ स्थित ओमैक्स कैसिया सोसाइटी में स्थित आवास से 60 से अधिक अवैध शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं, जिनका कोई लेखा-जोखा मौजूद नहीं था.
ईडी अब इन सभी संपत्तियों और दस्तावेज़ों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पद का दुरुपयोग करके किन-किन माध्यमों से निजी लाभ कमाए गए और क्या इससे जुड़े अन्य लोग भी इस भ्रष्टाचार के घेरे में हैं.
यह कार्रवाई भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों की सख्त नीति को दर्शाती है और आने वाले समय में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: अजमेरी गेट पार्किंग पर नई व्यवस्था: पहले 8 मिनट तक कोई शुल्क नहीं, फास्टैग से भुगतान अनिवार्य
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



