पंजाब और पड़ोसी राज्यों में सुलभ और किफायती कैंसर इलाज की मांग तेजी से बढ़ रही है. इस बात की पुष्टि होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र (HBCH&RC), पंजाब द्वारा आंकड़े जारी किए जाने के बाद हुई है. संस्थान ने “ब्रिजिंग गैप्स इन ऑन्कोलॉजी” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय होमी भाभा कैंसर कॉन्क्लेव 2026 के समापन पर यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की.
2026 में आंकड़ा 10 हजार पार
कॉन्क्लेव के दौरान HBCH&RC के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया ने अस्पताल के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि यह संस्थान न केवल पंजाब, बल्कि हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, यूपी, बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों के मरीजों को भी कम लागत में गुणवत्तापूर्ण इलाज दे रहा है.
वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार, अस्पताल में 17,903 नए मरीजों का रजिस्ट्रेशन हुआ, 51,155 कीमोथेरेपी सत्र आयोजित किए गए, 6,840 से अधिक सर्जरी हुईं और 28,403 मरीज भर्ती हुए. वहीं चालू वर्ष यानी 2026 में नए मरीजों के पंजीकरण का आंकड़ा पहले ही 10,000 को पार कर चुका है, जो क्षेत्र में कैंसर के बढ़ते बोझ को साफ दर्शाता है.
सुखना लेक पर वॉकथॉन का आयोजन
तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में देश भर के ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों ने कैंसर के बहुविषयक प्रबंधन, हेड एंड नेक कैंसर और ओरल रिहैबिलिटेशन पर चर्चा की. रविवार को कैंसर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ की सुखना झील पर एक वॉकथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें 400 से अधिक डॉक्टरों, मरीजों और नागरिकों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम में चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव मुख्य अतिथि रहे. डॉ. गुलिया ने जोर देकर कहा कि यदि शुरुआती चरण में ही बीमारी की पहचान कर ली जाए, तो कैंसर का न केवल बेहतर इलाज संभव है, बल्कि मरीज पूरी तरह ठीक भी हो सकता है.
यह भी पढ़ें: धमतरी की महिलाओं ने ढूंढ निकाला ‘कमाई का जादुई नुस्खा’! अजोला उगाकर महीने में पीट रहीं तगड़ा मुनाफा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



