कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खड़गे (फोटो फाइल)
इंडिया गठबंधन मंगलवार दोपहर उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान करने जा रहा है. इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर दोपहर 12:30 बजे विपक्षी दलों की बैठक होगी. माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद नाम की घोषणा की जाएंगी.
उम्मीदवारों की सूची में कई नामों पर चर्चा हो रही है. इनमें इसरो के पूर्व वैज्ञानिक मैलस्वामी अन्नादुरई का नाम भी शामिल है, जिन्होंने चंद्रयान-1 अभियान का नेतृत्व किया था. विपक्ष इस चुनाव को “सविधान को बचने की लड़ाई” बताना चाहता है.
गठबंधन नेताओं से समर्थन की अपील
बैठक से पहले डीएमके की सांसद कनिमोझी ने अखिलेश यादव जैसे नेताओं से बात की और अपनी पार्टी के सुझाए उम्मीदवार का समर्थन करने की अपील की. वहीं, खबरें हैं कि डीएमके ने राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा का नाम भी आगे बढ़ाया है. हालांकि गठबंधन में यह राय बन रही है कि उम्मीदवार गैर-राजनीतिक होना चाहिए.
इधर, वाईएसआर कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन का समर्थन करेगी. इसके साथ ही एनडीए के पास 782 सांसदों वाले निर्वाचन मंडल में 438 का समर्थन हो गया है, जबकि INDIA के पास 323 सांसद हैं. बीजेडी समेत 21 सांसदों ने अभी तक अपना रुख साफ नहीं किया है.
विपक्षी दल चाहते हैं उम्मीदवार बिहार या तमिलनाडु से हो
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन चाहता है कि उम्मीदवार या तो बिहार से हो, जहां जल्द चुनाव होने वाले हैं, या फिर तमिलनाडु से, जहां से एनडीए ने अपना प्रत्याशी उतारा है.
हालांकि समाजवादी पार्टी और आरजेडी शुरू में मुकाबले के पक्ष में नहीं थे. उनका कहना था कि हारने वाली लड़ाई बिहार चुनावों पर असर डाल सकती है और कुछ साथी दल क्रॉस-वोटिंग भी कर सकते हैं. लेकिन अंत में वे भी गठबंधन के फैसले के साथ चलने को तैयार हैं.
विपक्ष का कहना है कि उन्हें ऐसा उम्मीदवार चाहिए जो संविधान और ‘भारत की सोच’ के लिए मजबूती से खड़ा हो, न कि सिर्फ समझौते वाला नाम हो.
ये भी पढ़े: पीएम मोदी 22 अगस्त को गयाजी में 12 हजार करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात : सम्राट चौधरी
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


