Weather Update: भारत के कई हिस्सों में जहां लोग झुलसाने वाली गर्मी से परेशान हैं, वहीं मौसम विभाग ने 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं जिनकी रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई जा रही हैं.
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में लू और भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा. दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में इन दिनों गर्मी चरम पर है. 25 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है. आसमान साफ रहेगा, लेकिन 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. आने वाले दिनों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में 28 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है. बांदा, चित्रकूट, महोबा, कानपुर, फतेहपुर, उन्नाव, इटावा और मिर्जापुर जैसे जिलों में भीषण गर्मी का असर रहेगा. वहीं पूर्वी यूपी के गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़ और आसपास के जिलों में भीषण लू का अलर्ट है.
बिहार का मौसम
बिहार में 25 मई को भारी बारिश की संभावना है. पटना में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. दरभंगा, मधुबनी, गया, भागलपुर और पूर्णिया में 24-25 मई को आंधी-बारिश का अनुमान है.
पंजाब का मौसम
पंजाब में अमृतसर और पठानकोट में हल्की बारिश हो सकती है. यहां हवाओं की रफ्तार 48 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. लुधियाना, पटियाला और बठिंडा में गर्म हवाएं और लू का असर बना रहेगा.
उत्तराखंड का मौसम
देहरादून में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है. नैनीताल में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट है. हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी इलाकों जैसे पिथौरागढ़ और चमोली में बारिश के आसार हैं.
हिमाचल प्रदेश का मौसम
शिमला में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. कांगड़ा में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट है. मंडी और कुल्लू में हल्की बारिश हो सकती है. मनाली और चंबा में मौसम खराब रह सकता है.
राजस्थान का मौसम
जयपुर में गर्म हवाएं और लू का असर जारी है. जैसलमेर में 24-28 मई के बीच भीषण लू की संभावना है. बीकानेर और बाड़मेर में धूल भरी आंधी चल सकती है. कोटा और श्रीगंगानगर में तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा सकता है.
ये भी पढ़ें-पेट्रोल-डीजल की मार: मई में तीसरी बार बढ़े दाम, महंगाई से आम आदमी की जेब पर भारी बोझ
झारखंड का मौसम
झारखंड में 23 से 28 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. रांची में 24 और 25 मई को तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है. जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में भी आंधी-बारिश का अलर्ट है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
