Bharat Express DD Free Dish

भारतीय सेना ने चलती ट्रेन में किया जवान का प्रमोशन, वीडियो हुआ वायरल

Indian Army Promotion: भारतीय सेना ने अनुशासन और परंपरा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए चलती ट्रेन में प्रमोशन सेरेमनी आयोजित की. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जवानों को परेड और रैंक बैज लगाते देखा गया.

Indian Army Promotion: भारतीय सेना अपने जवानों को सम्मान देने के लिए किसी खास मौके का इंतजार नहीं करती. इसी का उदाहरण हाल ही में देखने को मिला जब सेना ने चलती ट्रेन में ही प्रमोशन सेरेमनी आयोजित कर दी. यह घटना सेना की परंपराओं और अनुशासन के प्रति उसकी गहरी प्रतिबद्धता को दिखाती है.

सोशल मीडिया पर चर्चा

सेना ने पहले भी युद्ध के मैदान में प्रमोशन सेरेमनी की है, लेकिन इस बार ट्रेन में हुई यह अनोखी परेड लोगों को खूब भा रही है. इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. आम लोग ही नहीं, बल्कि सेना के पूर्व अधिकारी भी इस खास पल को साझा कर रहे हैं और सेना की अनुकूलन क्षमता की सराहना कर रहे हैं.

ट्रेन में परेड और सम्मान

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वर्दीधारी जवान पूरी रफ्तार से दौड़ती ट्रेन में औपचारिक परेड कर रहे हैं. इस दौरान वे सलामी देते हैं और फिर कमांडिंग ऑफिसर तथा सूबेदार मेजर उन्हें रैंक बैज लगाते हैं. इसके बाद हाथ मिलाकर औपचारिक रूप से प्रमोशन पूरा किया जाता है. पूरी प्रक्रिया में सैन्य परंपराओं और प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया.

कर्नल मयंक चौबे का बयान

इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए कर्नल मयंक चौबे ने कहा कि यह कोई कैमरे के लिए बनाई गई प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय सेना का असली आदर्श है. उन्होंने इसे खास बताते हुए कहा कि यहां कोई परेड ग्राउंड नहीं था, लेकिन मिशन जारी रहा. परिस्थितियां आदर्श नहीं थीं, फिर भी अनुशासन और सम्मान में कोई कमी नहीं आई.

ये भी पढ़ें-इंजीनियर मौत पर नोएडा से लखनऊ तक एक्शन: चला सीएम योगी का ‘हंटर’, GNIDA में 3 दिन का अल्टीमेटम

दुर्लभ और ऐतिहासिक सेरेमनी

कर्नल चौबे ने आगे कहा कि चलती ट्रेन इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्र हमेशा गति में है और सेना भी. कर्तव्य किसी समारोह के लिए नहीं रुकता, बल्कि समारोह कर्तव्य के साथ चलता है. उन्होंने इसे दुनिया की सबसे दुर्लभ और संभवतः पहली पदोन्नति परेड बताया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read