भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने एक साहसिक अभियान के तहत मालवाहक जहाज MSV सलामत से 6 क्रू सदस्यों को सफलतापूर्वक बचा लिया. यह जहाज़ 14 मई की तड़के, कर्नाटक के मंगलुरु से 60-70 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में डूब गया था.
डूबते जहाज़ से जान बचाकर एक छोटी डिंगी नाव पर सवार हुए सभी क्रू सदस्यों की पहचान इस्माइल शरीफ, अलेमन अहमद भाई घवड़ा, ककल सुलेमान इस्माइल, अकबर अब्दुल सुरानी, कासम इस्माइल मेपानी और अजमल के रूप में हुई है.
इन सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद 15 मई को न्यू मंगलोर पोर्ट सुरक्षित पहुँचाया गया. अब स्थानीय प्रशासन सभी सदस्यों से पूछताछ कर यह पता लगाएगा कि जहाज डूबने की असल वजह क्या थी.
तटरक्षक विक्रम को तुरंत भेजा गया घटनास्थल
भारतीय तटरक्षक बल को एक संकट संदेश मिला, जो एक गुजरते हुए जहाज़ MT Epic Susui से था. उसने जानकारी दी कि सुरथकल तट से लगभग 52 समुद्री मील दूर समुद्र में एक छोटी नाव में 6 लोग डुब रहे हैं. क्षेत्र में गश्त पर तैनात तटरक्षक पोत ‘विक्रम’ को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया, जहां सभी 6 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया.
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, MSV सलामत 12 मई को मंगलुरु पोर्ट से लक्षद्वीप के कदमत द्वीप के लिए रवाना हुआ था. जहाज़ में सीमेंट और निर्माण सामग्री लदी थी. 14 मई की सुबह 5:30 बजे के करीब जहाज़ में पानी भरना शुरू हुआ, जिसके कारण वह डूब गया. भारतीय तटरक्षक बल ने कहा है कि फिलहाल जहाज़ में पानी भरने के कारणों की जाँच जारी है.
ये भी पढ़ें: करवार पोर्ट पर पाकिस्तानी नागरिक को भारत में प्रवेश से रोका गया, तटरक्षक बल और तटीय सुरक्षा पुलिस सतर्क
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




