Jaipur Unique Marriage: राजस्थान की भक्ति परंपरा को जीवंत करता एक अनूठा मामला जयपुर जिले के जोबनेर से सामने आया है, जहां 21 वर्षीय दिव्यांग युवती तमन्ना कंवर का विवाह भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ पूरे रीति-रिवाज से संपन्न कराया जा रहा है. इस विशेष आयोजन ने पूरे क्षेत्र में उत्सुकता और आस्था का माहौल बना दिया है.
2000 मेहमानों को न्योता
चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस विवाह के लिए परिवार ने करीब 400 निमंत्रण कार्ड छपवाए हैं, साथ ही ऑनलाइन आमंत्रण भी भेजे गए हैं. शादी में लगभग 2000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है.
वृंदावन से आई सुहाग सामग्री
परिजनों ने विवाह के लिए विशेष तैयारी की है. भगवान कृष्ण की चांदी की प्रतिमा बनवाकर उस पर स्वर्ण लेप कराया गया है. वहीं, सुहाग की सामग्री वृंदावन और भांडीर वन स्थित मंदिरों से मंगाई गई है, जिन्हें धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बेहद पवित्र माना जाता है.
विवाह समारोह में हल्दी, मेहंदी, महिला संगीत, बारात, फेरे और विदाई सहित सभी पारंपरिक रस्में निभाई जा रही हैं. बारात केशवरायजी मंदिर से रवाना होगी, जबकि विदाई 3 अप्रैल को निर्धारित है.
भगवान को ही चुना बेटी का जीवनसाथी
तमन्ना की माता डॉ. मंजू कंवर बताती हैं कि बेटी की दिव्यांगता के कारण उसके विवाह को लेकर चिंता थी. पूजा के दौरान उन्हें यह भाव आया कि उनकी बेटी का जीवनसाथी स्वयं भगवान कृष्ण होंगे. परिवार और समाज की सहमति के बाद इस अनूठे विवाह का निर्णय लिया गया.
परिजन इसे अपनी आस्था और विश्वास का प्रतीक मानते हैं. उनका कहना है कि जैसे भक्ति में लीन होकर मीराबाई ने भगवान कृष्ण को अपना सब कुछ माना था, उसी तरह तमन्ना भी भगवान के प्रति समर्पित हैं.
इस अनोखे विवाह को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में खासा उत्साह है. स्थानीय लोग इसे भक्ति, विश्वास और परंपरा का अद्भुत संगम मान रहे हैं.
ये भी पढ़ें- सीकर ने ढूंढ लिया है कचरे का पक्का इलाज! जानें कैसे नारियल के छिलके और खराब सब्जी से बदल रही शहर की तकदीर
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

