Bharat Express DD Free Dish

जोधपुर में पकड़े गए बिश्नोई गैंग के 2 इनामी शूटर, 5-5 लाख रुपये का था इनाम

राजस्थान पुलिस की AGTF और जोधपुर पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह के दो खतरनाक शूटरों को जोधपुर के एक होटल से गिरफ्तार किया है.

Lawrence Bishnoi Gang Shooters Arrested in Jodhpur Rs 5 Lakh Bounty Each Bharat Express

राजस्थान पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने जोधपुर से लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह के दो खूंखार शार्प शूटरों को धर दबोचा. पंजाब पुलिस ने दोनों ही बदमाशों पर 5-5 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित कर रखा था. आशंका जताई जा रही है कि दोनों किसी नई और बड़ी वारदात को अंजाम देने के मकसद से जोधपुर में डेरा डाले हुए थे.

होटल के कमरे में छापा मारकर दबोचा

पकड़े गए आरोपियों के नाम जसकरण सिंह उर्फ कट्टा और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला हैं. दोनों की उम्र महज 23 साल है और वे पंजाब के फाजिल्का जिले के रहने वाले हैं. AGTF के एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि दोनों सिरोही के रास्ते जोधपुर की तरफ आ रहे हैं.

इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से कैलाश नगर स्थित ‘होटल सनसिटी इन’ के कमरा नंबर 204 में छापा मारा गया. शुरुआत में आरोपियों ने फर्जी नाम बताकर बचने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर सच उगल दिया.

पहले भागे नेपाल, फिर एमपी के रास्ते लौटे

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाश करीब डेढ़ साल पहले पंजाब में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा और साहिल सेन की हत्या को अंजाम देने के बाद नेपाल भाग गए थे. वहां कुछ समय बिताने के बाद वे मध्य प्रदेश के रास्ते राजस्थान में दाखिल हुए. इनके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 12 संगीन मामले दर्ज हैं.

हथियार, अफीम और फर्जी दस्तावेज बरामद

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने इनके पास से एक रिवॉल्वर, 83 ग्राम अफीम का दूध, ₹88,100 नकद, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं.

फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि जोधपुर में इन्हें किसने पनाह दी थी और इनका अगला निशाना कौन था.

यह भी पढ़ें: ‘ई कुत्ता का कहीं जगह था…’, अनंत सिंह ने फिर नीरज कुमार को हड़काया

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read