Bharat Express DD Free Dish

पत्नी को वर्दी में भेजता था फोटो, फर्जी सिपाही बन करता रहा पुलिस कटिहार शास्त्रगार की रैकी; खुली पोल तो सीधे पहुंचा जेल

कटिहार पुलिस लाइन के अंदर कई दिनों से रह रहे एक फर्जी सिपाही सुशील कुमार को गिरफ्तार किया गया है. खुद को अररिया का जवान बताने वाले इस ठग के बैग से पुलिस की वर्दी, जूते और गृह मंत्री के कार्यक्रम का वीआईपी ड्यूटी कार्ड मिला है.

Fake Bihar Police Constable Arrested From Katihar Police Line

Katihar Police Line Fake Constable: सोनु चौधरी/कटिहार: बिहार के कटिहार जिले से सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार करने वाली एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है. जहां हथियारों के शस्त्रागार और बेहद गोपनीय दस्तावेजों की सुरक्षा होती है, उसी संवेदनशील कटिहार पुलिस लाइन के भीतर कई दिनों से एक फर्जी सिपाही छुपकर रह रहा था. वह न सिर्फ वहां की रेकी कर रहा था, बल्कि नए जवानों से दोस्ती बढ़ाने की कोशिश में भी था. गनीमत रही कि ट्रेनी जवानों को शक हुआ और उन्होंने इसकी भनक हवलदार को दे दी, जिसके बाद इस बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ.

अररिया का सिपाही बताकर दे रहा था चकमा

पकड़े गए शातिर युवक का नाम सुशील कुमार (23 वर्ष) है, जो कैमूर जिले के मोहनिया का रहने वाला है. वह पुलिस लाइन में रह रहे ट्रेनी सिपाहियों को झांसा दे रहा था कि वह अररिया जिला बल का सिपाही है और उसका चेस्ट नंबर 331 है. जब हवलदार ने कड़ाई से पूछताछ की और अररिया पुलिस ट्रेनिंग ऑफिस से संपर्क किया, तो पता चला कि इस नाम का कोई जवान वहां है ही नहीं.

बैग से मिली वर्दी और गृह मंत्री के दौरे का ड्यूटी कार्ड

पुलिस ने जब सुशील के पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो अधिकारियों के होश उड़ गए. बैग के अंदर से पुलिस की वर्दी, जूता, बेल्ट और उसके नाम की नेम प्लेट बरामद हुई. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसके पास से रोहतास में हुए गृह मंत्री के भ्रमण कार्यक्रम का वीवीआईपी ड्यूटी कार्ड भी मिला है.

इतना ही नहीं, जब उसका मोबाइल चेक किया गया, तो पता चला कि वह शादीशुदा है. वह अपनी पत्नी को प्रभावित करने के लिए व्हाट्सएप पर वर्दी पहनकर अपनी तस्वीरें भेजता था और दावा करता था कि वह पुलिस की सरकारी नौकरी में है और ऑन-ड्यूटी है.

FIR के बाद पहुंचा जेल

कटिहार पुलिस ने इस गंभीर मामले में सहायक थाने में कांड संख्या 699/26 के तहत एफआईआर दर्ज कर फर्जी सिपाही को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी विशाल आनंद ने सिर्फ इतना कहा, ‘सूचना मिलते ही जांच की गई और एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.’ पुलिस अब इस पर जांच कर रही है कि क्या यह सिर्फ पत्नी से झूठ बोलने का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है.

ये भी पढ़ें: जन्मदिन का जश्न बना मातम: 250 किमी स्पीड से BMW ने छीन ली दो जिंदगियां, बदलापुर हादसे की दर्दनाक कहानी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read