सीएम योगी आदित्यनाथ
Delhi Election: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान देश और प्रदेश में चल रहे कई ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी. उन्होंने भारत के अल्पसंख्यकों, बिजली चोरी, वक्फ कानून, तुष्टिकरण की राजनीति और कुंभ 2025 की तैयारियों जैसे विषयों पर बात की. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने भारत के अल्पसंख्यकों को अपने पूर्वजों पर गर्व करने की सलाह दी. उन्होंने इंडोनेशिया का उदाहरण देते हुए कहा कि एक बड़ा इस्लामिक राष्ट्र भगवान राम को अपना पूर्वज मानता है, इस पर वह गर्व करता है, क्या भारत के अल्पसंख्यकों की एक बड़ी आबादी इस सच को स्वीकार कर पाएगी कि उनके भी पूर्वज राम थे.
वक्फ बिल में संशोधन का उद्देश्य न्याय सुनिश्चित करना
वक्फ कानून में बदलाव पर विपक्षी नेताओं द्वारा दी जा रही चेतावनियों पर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि समय की जरूरत के अनुसार वक्फ कानून में बदलाव हो रहा है. मुझे खुशी है कि संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) ने इस संशोधन पर काम किया है. उम्मीद है कि अगले सत्र में इसे लागू किया जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी बदलाव का उद्देश्य समाज में पारदर्शिता और न्याय को सुनिश्चित करना है. जैसे देश में सीएए लागू हुआ है, वैसे ही वक्फ बिल में संशोधन के बाद इसे भी लागू कर दिया जाएगा. सीएए से आज हमारे पड़ोसी देशों के अल्पसंख्यकों को देश में नागरिकता मिल रही है. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में संभव हुआ है.
सीएम योगी ने कहा कि वक्फ की कोई जमीन नहीं होती है, यह राजस्व की जमीन है. उत्तर प्रदेश में वक्फ ने 1.27 लाख संपत्तियों पर अपना दावा किया था, जिसकी हमने जांच कराई तो वह सिर्फ 7 हजार ही है. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति राजस्व की होती है, वहां थाने बने या अन्य सार्वजनिक उपयोग या प्रशासनिक उपयोग के भवन, किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए और संभल में किसी ने आपत्ति भी नहीं की.
आप सरकार ने मां यमुना के साथ अन्याय किया
कार्यक्रम में सीएम योगी ने दिल्ली की ‘आप’ सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिजली की दरें 9-10 रुपये प्रति यूनिट हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में यह 3.5 रुपये प्रति यूनिट है. दिल्ली में सबसे ज्यादा पावर कट होते हैं. यमुना की सफाई और बुनियादी ढांचे पर काम नहीं हुआ है. दिल्ली सरकार ने यमुना के कार्यों को रोक दिया, जिससे वहां की स्थिति बदतर हो गई है. उन्होंने अरविंद केजरीवाल को 5 फरवरी से पहले महाकुंभ में पहुंच कर पूरी दिल्ली कैबिनेट के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान करने की भी सलाह दी. उन्होंने कहा कि इसके बाद उनको यह मौका नहीं मिलेगा, दिल्ली में सरकार बदल जाएगी.
आम आदमी पार्टी की सरकार ने मां यमुना के साथ अन्याय किया है. यमुना की गंदगी देख पीड़ा होती है, जो यमुना दिल्ली में इतनी बदहाल स्थिति में बहती है, वही प्रयागराज पहुंचकर आज निर्मल हो गई है.
सीएम योगी ने अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को जीतने का दावा किया. सीएम योगी ने कहा कि 9 में से 7 जीते थे, अब 10 में से 8 जीतेंगे. 2027 के विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि अभी इसमें समय है, लेकिन जिस अनुपात में हम उपचुनाव जीते हैं, यानी 80 प्रतिशत सीट के साथ, वैसे ही भारतीय जनता पार्टी आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में भी सीटें जीतेंगी.
ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने ‘उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा’ प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

