Rahul Gandhi Patka Controversy: राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें राहुल गांधी पर नॉर्थ-ईस्ट के पारंपरिक ‘पटका’ को न पहनकर वहां के लोगों का अपमान करने की बात कही गई थी. खड़गे ने इसे बेबुनियाद और चुनावी राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि ऐसे आरोप वही लोग लगा रहे हैं जो स्वयं संविधान का सम्मान नहीं करते.
दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब कांग्रेस ने गणतंत्र दिवस परेड में विपक्ष के दो प्रमुख नेताओं- राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पहली पंक्ति में स्थान न दिए जाने पर आपत्ति जताई. कांग्रेस का आरोप है कि दोनों नेताओं को तीसरी पंक्ति में बैठाया गया, जहाँ राज्य मंत्री और बच्चे बैठे थे, जो न केवल उनकी वरिष्ठता बल्कि विपक्ष की संवैधानिक भूमिका का भी अपमान है.
राहुल को तीसरी पंक्ति में बैठाने पर विवाद
खड़गे ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह देश के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और राहुल गांधी को भी कैबिनेट रैंक का दर्जा प्राप्त है. इसके बावजूद उन्हें तीसरी पंक्ति में बैठाया गया, जिससे उन्हें और कांग्रेस को अपमानित किया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पास और सीटों की व्यवस्था के लिए अपने सचिवों को भेजना पड़ा, जो सरकार के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
पटका विवाद पर दी सफाई
बीजेपी द्वारा लगाए गए ‘पटका विवाद’ पर सफाई देते हुए खड़गे ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति भवन में स्वागत के दौरान राहुल गांधी ने पारंपरिक नॉर्थ-ईस्ट का पटका पहना था. भोजन के समय उन्होंने उसे मोड़कर एक ओर रख दिया, जिसे बेवजह तूल दिया जा रहा है. खड़गे के अनुसार, बीजेपी इस मुद्दे को जानबूझकर राजनीतिक रंग दे रही है.
ये भी पढ़ें- भारत मंडपम से PM मोदी का आह्वान! बोले- दुनिया की सबसे प्रभावशाली साझेदारी बनने की राह पर भारत-EU
खड़गे ने यह भी याद दिलाया कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की शुरुआत नॉर्थ-ईस्ट से की थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर जाने से अब तक परहेज करते रहे हैं. ऐसे में, उनके अनुसार, बीजेपी को राहुल गांधी और कांग्रेस पर नॉर्थ-ईस्ट के अपमान का आरोप लगाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




