Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

TDP की तरफ से मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले राम मोहन नायडू और चंद्रशेखर पेम्मासानी कौन हैं, जानें

राम मोहन नायडू श्रीकाकुलम निर्वाचन क्षेत्र से तीसरी बार सांसद चुने गए हैं. वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवारों में से एक चंद्रशेखर गुंटूर से पहली बार चुने गए हैं.

किंजरापु राम मोहन नायडू और चंद्रशेखर पेम्मासानी. (फोटो: X)

Modi Oath Taking Ceremony: भाजपा (BJP) नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के किंजरापु राम मोहन नायडू और डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रविवार को शपथ लेने वाले केंद्रीय मंत्रियों में शामिल होंगे.

राम मोहन नायडू श्रीकाकुलम निर्वाचन क्षेत्र से तीसरी बार सांसद चुने गए हैं. वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार चंद्रशेखर गुंटूर से पहली बार चुने गए हैं. राम मोहन को कैबिनेट मंत्री, जबकि डॉ. चंद्रशेखर को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी.

पार्टी नेता ने बधाई दी

टीडीपी ने पुष्टि की है कि राम मोहन नायडू को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा. पार्टी नेता और गुंटूर के पूर्व सांसद गल्ला जयदेव ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि चंद्रशेखर को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी.

जयदेव ने चंद्रशेखर को बधाई भी दी है. जयदेव ने कहा, ‘डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी को राज्य मंत्री के रूप में चुने जाने पर बधाई. अपने पहले राजनीतिक कार्यकाल के दौरान केंद्रीय स्तर पर राष्ट्र की सेवा करना एक सम्मान की बात है. गुंटूर और पूरे आंध्र प्रदेश के लोगों को आप पर गर्व है. आपकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं. आप सकारात्मक बदलाव लाएं और सार्थक प्रभाव डालें.’

एक अन्य पोस्ट में राम मोहन नायडू को भी उन्होंने बधाई दी है. उन्होंने कहा, ‘मेरे युवा मित्र राम मोहन नायडू को नई NDA सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने पर बधाई! आपकी ईमानदारी और विनम्र स्वभाव निश्चित रूप से देश के विकास में सहायक सिद्ध होगा. आपकी नई भूमिका के लिए आपको ढेरों शुभकामनाएं!’

कौन हैं राम मोहन नायडू

पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत के. येरन नायडू के बेटे राम मोहन नायडू ने हाल ही में संपन्न चुनावों में उत्तरी आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम निर्वाचन क्षेत्र से हैट्रिक बनाई. है.

राज्य के सबसे युवा सांसदों में से एक राम मोहन नायडू ने YSRCP के तिलक पेराडा को 3.2 लाख वोटों के अंतर से हराकर लगातार तीसरी बार जीत हासिल की. ​​वे टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा में इसके नेता भी हैं.

36 वर्षीय नायडू टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं. उन्हें पार्टी अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू के प्रमुख वफादारों में से एक माना जाता है, जो आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं.

उनके पिता स्वर्गीय के. येरन नायडू पूर्व विधायक और सांसद थे, जो 1996 और 1998 के बीच संयुक्त मोर्चा सरकार में केंद्रीय मंत्री थे. उनके चाचा के अच्चेन्नायडू तेक्काली से विधायक और टीडीपी राज्य इकाई के अध्यक्ष हैं.


ये भी पढ़ें: PM Swearing in Ceremony: आज नरेंद्र मोदी रचेंगे इतिहास; शपथ लेते ही उनके साथ जुड़ जाएगी ये उपलब्धि


राष्ट्रीय राजधानी के आरकेपुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पढ़ाई के बाद राम मोहन नायडू ने अमेरिका के इंडियाना राज्य के Purdue University से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली और उसके बाद लॉन्ग आइलैंड से MBA किया है.

2012 में पिता की मौत के बाद 26 साल की उम्र में उन्होंने 2014 में श्रीकाकुलम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की और 16वीं लोकसभा में दूसरे सबसे कम उम्र के सांसद बने थे. अपने पिता की तरह ही राम मोहन को टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के सबसे करीबी वफादारों में से एक माना जाता है.

टीडीपी 16 सांसदों के साथ NDA में भाजपा के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है. टीडीपी के दो और सांसदों को भी पीएम मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना है.

कौन हैं डॉ. चंद्रशेखर

डॉ. चंद्रशेखर ने इस बार पहली बार चुनाव लड़ा था. एनआरआई मेडिकल डॉक्टर होने के अलावा वह सबसे अमीर उम्मीदवारों में से एक हैं, उनके परिवार के पास 5,785 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है.

एनआरआई मेडिकल प्रोफेशनल, ‘यूवर्ल्ड’ के संस्थापक और सीईओ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के किलारी वेंकट रोसैया को 3.4 लाख से अधिक मतों से हराकर लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की है.

गुंटूर जिले के बुर्रीपालेम गांव के रहने वाले डॉ. चंद्रशेखर ने 1999 में डॉ. एनटीआर यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की थी. इसके बाद उन्होंने 2005 में अमेरिका के पेनसिल्वेनिया स्थित गीसिंजर मेडिकल सेंटर से इंटरनल मेडिसिन में एमडी की डिग्री प्राप्त की.

48 वर्षीय चंद्रशेखर ने पेनसिल्वेनिया के डैनविले में गीसिंजर मेडिकल सेंटर में इंटरनल मेडिसिन में एमडी किया है. उन्होंने जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय में एक संकाय के रूप में काम किया और एक चिकित्सक के रूप में प्रैक्टिस की. राजधानी शहर अमरावती, जिसे मुख्यमंत्री बनने जा रहे एन. चंद्रबाबू नायडू विकसित करना चाहते हैं, डॉ. चंद्रशेखर के गुंटूर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital